नवादा में पांच केंद्रो पर होगी नीट (यूजी) 2026 परीक्षा, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

नवादा, 2 मई . राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (यूजी) – 2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं अच्छे वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से नवादा के समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान द्वारा केन्द्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया गया.

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि नीट (यूजी)-2026 परीक्षा 3 मई को दोपहर 02:00 बजे से न 05:00 बजे तक नवादा जिले के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, कन्हाई इंटर स्कूल, प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल, कन्हाई लाल साहु कॉलेज और वुमेन आईटीआई सेंटर पर आयोजित की जाएगी.

परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का समय दोपहर 11:00 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित है. परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिया जाएगा तथा परीक्षा 02:00 बजे प्रारंभ होगी. किसी भी परिस्थिति में निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. परीक्षार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड की स्वच्छ प्रति, दो पोस्टकार्ड-साइज एवं पासपोर्ट-साइज़ के फोटो, एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/पासपोर्ट/राशन कार्ड/ विद्यार्थी पहचान पत्र) एवं पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकेंगे. मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच, आभूषण, धातु सामग्री, इरेजर, व्हाइटनर एवं ब्लेड आदि प्रतिबंधित रहेंगे.

परीक्षा के सफल संचालन के लिए समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका फोन नंबर 06324-212261 है. नियंत्रण कक्ष के माध्यम से परीक्षा से संबंधित सभी गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी. साथ ही, अग्निशमन, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है. सिविल सर्जन, नवादा को चिकित्सकों एवं जीवन रक्षक दवाओं सहित एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, नवादा को सभी परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है. पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, नवादा को परीक्षा के दिन शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है.

ओपी/पीएम