पश्चिम बंगाल में आ रही भाजपा सरकार, जनता ने टीएमसी को नकारा: तरुण चुघ

नई दिल्ली, 3 मई . भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने रविवार को दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री रकाब गंज साहिब में अरदास की. इसके बाद दिल्ली स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार आ रही है.

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा, “जैसा कि आपने बंगाल के बारे में जिक्र किया, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया जा रहा एक मजबूत और निर्णायक जनादेश है. लोग ममता बनर्जी की अहंकारी, वंशवादी, निर्मम और चरमपंथी सोच वाली सरकार को खुले तौर पर नकार रहे हैं.”

तरुण चुघ ने कहा, “ममता बनर्जी ने तो पहले ही अपनी हार मान ली है. 4 मई को बैलेट बॉक्स से जनता का जनादेश स्पष्ट रूप से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में सामने आएगा. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में ‘डबल-इंजन’ वाली सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि अगर ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनती हैं, तो ईवीएम ठीक है, लेकिन अगर जनता उन्हें हरा देती है तो ईवीएम गलत हो जाती है.”

उन्होंने पश्चिम बंगाल में मतगणना के लिए ईसीआई द्वारा 242 अतिरिक्त प्रेक्षक तैनात किए जाने पर कहा, “निष्पक्ष चुनाव बहुत जरूरी है. जिस प्रकार चुनाव आयोग लगातार चुनाव की निष्पक्षता के लिए कदम उठाता है वो सराहनीय है. सभी राजनीतिक पार्टियों को उसका स्वागत करना चाहिए. कुछ पार्टियों ने मत की बजाय वंशवाद को लोकतंत्र के रूप में चुन लिया है और वे लोकतंत्र का गला दबाने की कोशिश कर रहे हैं.”

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ कहते हैं, “यह एक बहुत ही ऐतिहासिक और पवित्र स्थान है, प्रेरणा का स्रोत है. ऐसे समय में जब अत्याचार हो रहे थे और हिंसा बड़े पैमाने पर फैली हुई थी, मंदिरों को तोड़ा जा रहा था और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराए जा रहे थे, तब गुरु तेग बहादुर साहिब आगे आए. उनकी शहादत ने पूरे समुदाय और राष्ट्र को एक नई शक्ति और नई चेतना प्रदान की.”

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास के लिए भाजपा सरकार को चुन लिया है. यह बात ममता सरकार के लोगों को भी पता चल गया है. इसीलिए वे किसी न किसी बात को लेकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इससे अब कुछ होने वाला नहीं है.

एसएके/वीसी