
देवरिया, 19 मई . देवरिया जिले में शराब की दुकानों में चोरी करने वाले बदमाश के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है. आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है.
रुद्रपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन से जिले की विभिन्न शराब दुकानों में चोरी करने वाला आरोपी क्षेत्र में घूम रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने तेज रफ्तार में भागना शुरू कर दिया.
पुलिस के लगातार पीछा करने पर नकईल मार्ग स्थित सेमरौना पुल के पास आरोपी की बोलेरो सड़क से नीचे उतरकर खेत में फंस गई. आरोपी गाड़ी छोड़कर खेत की ओर भागने लगा. पुलिस ने आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लग गई.
घायल आरोपी की पहचान प्यारेलाल प्रजापति के रूप में हुई है. वह मूल रूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने देवरिया जिले की कई शराब दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी मुख्य रूप से दुकानों में रखे कैश को निशाना बनाता था और पहचान छिपाने के लिए डीवीआर कैमरे भी तोड़ देता था. घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
देवरिया के पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया, “सोमवार रात चेकिंग अभियान चल रहा था. मुखबिर की सूचना पर रुद्रपुर थाना टीम ने तुरंत कार्रवाई की. आरोपी ने बार-बार रुकने की हिदायत के बावजूद गाड़ी नहीं रोकी और भागने की कोशिश की. आरोपी गाड़ी से उतरकर भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग की. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हुआ. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. मामले की आगे की जांच चल रही है.”
–
एससीएच