
पटना, 19 मई . बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सीएम सम्राट चौधरी की सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. राजद नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बिहार सरकार पर निशाना साधा.
तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्ता संरक्षित अपराधी अब प्रदेश की माताओं-बहनों और बेटियों पर कहर बनकर टूट रहे हैं. नई सरकार में महिला अपराध के मामले बढ़े हैं. उन्होंने प्रदेश की विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा और कहा कि गृह विभाग उनके पास होने के बावजूद अपराधियों में डर नहीं है.
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई है और सरकार केवल दावे कर रही है. उन्होंने कहा कि इस सरकार के बने अभी एक महीना ही हुआ है, लेकिन इस दौरान महिला अपराध के मामलों में तेजी आई है. उन्होंने यह भी कहा कि छह महीने के भीतर बिहार में दो बार मुख्यमंत्री बदले गए. जनता द्वारा चुने गए मुख्यमंत्री को हटा कर ‘सिलेक्टिव मुख्यमंत्री’ बनाया गया.
तेजस्वी यादव ने महिला सशक्तिकरण के सरकार के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की करीब 65 प्रतिशत महिलाएं आज भी खून की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रही हैं. उन्होंने कहा कि वास्तविक स्थिति यह है कि महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
उन्होंने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर किया जा रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रेप पीड़िता की जाति देखो, आरोपी की भी जाति देखो, सरकार यही कर रही है.
उन्होंने कहा कि बालिका गृहकांड के आरोपी का एनकाउंटर कब होगा? उन्होंने भाजपा-जदयू पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को 10-10 हजार रुपए चुनाव में बांटे गए और कहा गया कि दूसरी किश्त में दो लाख रुपए दिए जाएंगे. अभी तक यह राशि नहीं दी गई है. अगर सरकार महिलाओं को 2 लाख रुपए नहीं देगी तो ये महिलाएं सरकार को खत्म करने का काम करेंगी.
–
एमएनपी/डीकेपी