
नई दिल्ली, 20 मई . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद दिल्ली में सरकारी दफ्तरों और संस्थाओं में बुधवार को ‘वर्क फ्रॉम होम’ की शुरुआत हुई. इसी कड़ी में एनडीएमसी (नई दिल्ली नगर परिषद) के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की.
कुलजीत चहल ने से बातचीत में कहा कि आज अपने सभी एचओडी के साथ मिलकर हम ‘वर्क फ्रॉम होम’ की शुरुआत कर रहे हैं. ठीक वैसे ही, जैसे प्रधानमंत्री ने सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित ऊर्जा और अन्य विभिन्न उपायों के संबंध में राष्ट्र से अपील की थी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी कहा कि दिल्ली सरकार और अन्य सभी संस्थान बुधवार को ‘वर्क फ्रॉम होम’ का पालन करेंगे.
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सभी देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की है. हमने इस अपील के बाद अपनी तरफ से पहल शुरू की है. आज सभी एचओडी के साथ ‘वर्क फ्रॉम होम’ करते हुए चर्चा की. हमने आज ऑनलाइन बैठक में ‘भारत-अफ्रीका समिट’ को लेकर समीक्षा की. इस समिट का आयोजन 28 मई से लेकर 31 मई तक दिल्ली में होगा.”
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और बाकी सभी संस्थाएं हर बुधवार को ‘वर्क फ्रॉम होम’ करेंगी. इसी तरह हमने ‘वर्क फ्रॉम होम’ किया है. इसके साथ ही, चहल ने कहा, “सड़कों पर पोस्टर लगाने के लिए एक डिजाइन भी तैयार हो चुका है. ‘भारत-अफ्रीका समिट’ को लेकर भी डिजाइन की शुरुआत हो चुकी है.”
एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने कहा कि हमें इस बात पर गर्व होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने जी-20 और एआई समिट का आयोजन अच्छे तरीके से किया. अब हम ‘भारत-अफ्रीका समिट’ को लेकर भी पूरी तरह तैयार हैं. कार्यक्रम में आने वाले विदेशी मेहमान होटलों में रुकते हैं. वे ‘भारत मंडपम’ की ओर जाते हैं. शहर में दिवाली के त्योहार के जैसी चमक दिखाई दे, इसकी हम पूरी तैयारी कर रहे हैं.
कुलजीत चहल ने कहा कि सबसे स्वच्छ, सबसे सुंदर और सबसे सुरक्षित एनडीएमसी क्षेत्र एक बार फिर समिट में आने वाले मेहमानों का स्वागत करने के लिए तैयार है.
–
डीसीएच/