मेलोडी मोमेंट : पीएम मोदी और मेलोनी के वीडियो ने तोड़ा रिकॉर्ड, कुछ घंटों में ही 112 मिलियन व्यूज

नई दिल्ली, 20 मई . इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को भारत की मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट की. इस छोटे लेकिन दिलचस्प पल का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया और कुछ ही घंटों में रिकॉर्ड व्यूज हासिल कर लिए.

खबर लिखे जाने तक पीएम मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस वीडियो को 112 मिलियन यानी 11.2 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका था. वीडियो ने कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड कायम कर दिया.

दरअसल, पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ती को सोशल मीडिया पर अक्सर ‘मेलोडी’ नाम से जोड़ा जाता है. यह नाम दोनों नेताओं के सरनेम को मिलाकर बनाया गया है. इसी वजह से जब पीएम मोदी ने मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया, तो लोगों ने इसे एक स्मार्ट जेस्चर के रूप में देखा.

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो में पीएम मोदी उन्हें मेलोडी टॉफी देते नजर आए. मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा, “वेरी वेरी गुड टॉफी.” इसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया.

मेलोडी भारत की सबसे लोकप्रिय टॉफियों में से एक मानी जाती है. इसे पारले प्रोडक्ट्स बनाती है. यह टॉफी अपने खास डबल फ्लेवर के लिए जानी जाती है, जिसमें बाहर से सॉफ्ट कैरेमल और अंदर से रिच चॉकलेट फिलिंग होती है.

पारले ने मेलोडी टॉफी को साल 1983 में लॉन्च किया था. उस दौर में बाजार में कैडबरी एक्लेयर्स का दबदबा था, लेकिन मेलोडी ने अपनी अलग पहचान बना ली. इसकी मिठास और यूनिक स्वाद के साथ-साथ इसका विज्ञापन भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ.

आज भी लोग उसका मशहूर डायलॉग नहीं भूले हैं. “मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?” और जवाब आता था- “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ.”

करीब चार दशक बाद भी मेलोडी टॉफी बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंद बनी हुई है और अब पीएम मोदी और मेलोनी की इस मुलाकात ने इसे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है.

वीकेयू/एबीएम