
भोपाल, 20 मई . मध्य प्रदेश सरकार ने गेहूं खरीदी की अंतिम तारीख बढ़ा दी है. अब जिन किसानों ने 23 मई तक स्लॉट बुक कर लिया है, उनसे 28 मई तक गेहूं खरीदा जाएगा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
सीएम मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कई किसानों को स्लॉट बुक होने के बावजूद खरीदी केंद्रों पर लंबी कतारों और अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है.
उन्होंने कहा, “जिस भी किसान ने सफलतापूर्वक स्लॉट बुक किया है, उसका गेहूं हर हाल में खरीदा जाएगा, इसलिए अंतिम तारीख 23 मई से बढ़ाकर 28 मई की जा रही है.”
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ घोषित किया है. इसी भावना के तहत इस बार राज्य में रिकॉर्ड 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का लक्ष्य रखा गया है. पिछले साल यह आंकड़ा 77 लाख मीट्रिक टन था.
उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है, जिससे साफ है कि मध्य प्रदेश इस बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने की ओर बढ़ रहा है. मोहन यादव ने दावा किया कि देश में सबसे ज्यादा किसानों से गेहूं खरीदने वाला राज्य मध्य प्रदेश बना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लगातार किसानों के हित में फैसले ले रही है और हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है. उन्होंने माना कि इस बार वैश्विक परिस्थितियों, भंडारण की समस्या, बारदाने की उपलब्धता, खराब मौसम और परिवहन जैसी कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन सरकार ने भंडारण क्षमता बढ़ाकर स्थिति को संभाला.
सीएम मोहन यादव ने किसानों से चिंता न करने की अपील करते हुए कहा कि स्लॉट बुकिंग व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है ताकि खरीदी प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो.
राज्य सरकार फिलहाल खरीदी केंद्रों पर किसानों से 2,625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीद रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा इन चार वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है.
–
वीकेयू/डीकेपी