ग्रेटर नोएडा में रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, 21 मई . ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान वैदपुरा गांव निवासी दीपक नागर के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है.

शुरुआती जांच में यह मामला वर्ष 2011 में हुए एक पुराने हत्याकांड से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक दीपक नागर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्ष 2011 में कल्लू नामक व्यक्ति की हत्या हुई थी.

उस मामले में मृतक दीपक नागर के पिता अशोक नागर आरोपी बनाए गए थे. उस केस में धर्मवीर को आजीवन कारावास की सजा हुई थी जबकि एक अन्य आरोपी महेंद्र की ट्रायल के दौरान मौत हो गई थी. वहीं, दीपक के पिता अशोक नागर अदालत से बरी हो गए थे. बताया जा रहा है कि कल्लू की हत्या आपसी लेनदेन के विवाद में हुई थी. अब पुलिस को आशंका है कि उसी पुराने विवाद और रंजिश के चलते दीपक नागर की हत्या की गई है.

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं. पुलिस ने बताया कि हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों आकाश और पवन को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और हत्या की साजिश समेत सभी एंगल पर काम किया जा रहा है. इकोटेक-3 थाना पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा. वहीं गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

पीकेटी/पीएम