बिहार के औरंगाबाद में किशोर की पीट-पीटकर हत्या, प्रेम प्रसंग का मामला

पटना, 22 मई . बिहार के औरंगाबाद जिले में 17 वर्षीय किशोर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. ग्रामीणों को आशंका है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है.

यह घटना रफीगंज थाना क्षेत्र के आदलपुर गांव की है. मृतक की पहचान अमरेश दास के बेटे रितेश कुमार के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार और थाना प्रभारी शंभू कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोर के हाथ और पैर में फ्रैक्चर के निशान मिले हैं, जबकि सिर पर गंभीर चोटें थीं. इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या से पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई.

मृतक के पिता अमरेश दास ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक पड़ोसी ने करीब दस दिन पहले भी रितेश के साथ मारपीट की थी. उन्होंने उसी व्यक्ति पर हत्या का शक जताया है.

पुलिस ने बताया कि गांव निवासी धनुष दास के बेटे मंटू कुमार को इस मामले में आरोपी बनाया गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीण इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

इस संबंध में रफीगंज थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम भी गठित की गई है.

इसी तरह का एक मामला मंगलवार रात मधुबनी जिले में भी सामने आया था. राजनगर थाना क्षेत्र के मंगरौनी गांव स्थित राम-जानकी पुलिया के पास प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय निखिल झा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

खाजेडीह निवासी शेषनाथ झा के बेटे निखिल झा के गर्दन के पास गोली लगी थी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस इंस्पेक्टर और राजनगर थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार मौके पर पहुंचे थे. स्थानीय लोगों की मदद से निखिल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डीएससी