प्रवीण खंडेलवाल ने बंगाल में बकरीद की छुट्टी घटाए जाने का किया समर्थन, बताया उचित कदम

नई दिल्ली, 24 मई . भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने रविवार को विपक्षी दलों पर एक साथ हमला बोलते हुए कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पश्चिम बंगाल में बकरीद की छुट्टी एक दिन घटाए जाने का समर्थन किया.

प्रवीण खंडेलवाल ने से बात करते हुए पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा बकरीद की छुट्टी एक दिन घटाए जाने का समर्थन किया. उन्होंने कहा, “सर्वधर्म समभाव हमारे भारत की पहचान है, लेकिन इसकी भी सीमाएं हैं. पश्चिम बंगाल सरकार ने उन सीमाओं का सम्मान करते हुए उचित कदम उठाया है.”

कपूरथला सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच हुई झड़प पर भाजपा सांसद ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का ध्यान मौज-मस्ती और घूमने-फिरने पर ज्यादा है. यही वजह है कि पंजाब की जनता परेशान है. उन्हें कानून-व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए.”

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि ‘इंडिया’ ब्लॉक अंदर से पूरी तरह खोखला है. उन्होंने कहा, “कल तक राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक-दूसरे को गले लगा रहे थे, लेकिन अब इसका असली चेहरा सामने आ रहा है. यह कोई वास्तविक गठबंधन नहीं, बल्कि अवसरवादी गठजोड़ है. जनता अब इसे समझ चुकी है.”

दिल्ली जिमखाना क्लब की लीज रद्द किए जाने पर प्रवीण खंडेलवाल ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया. उन्होंने कहा, “यह फैसला बिल्कुल सही समय पर लिया गया है. दिल्ली में ब्रिटिश काल के कई क्लब अभी भी मौजूद हैं, जो कभी-कभी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं. केवल संभ्रांत वर्ग तक इन जगहों की सीमित पहुंच होना अब उचित नहीं है.”

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी पर दर्ज एफआईआर का भी प्रवीण खंडेलवाल ने समर्थन किया. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर राष्ट्र और प्रधानमंत्री का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन की राजनीति पर विश्वास रखती है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक साजिशों में लगा हुआ है.

एससीएच/एएस