राजस्थान के राजसमंद में भीषण हादसा : अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक में मारी टक्कर, दो मासूम बच्चियों सहित तीन की मौत

राजसमंद, 24 मई . राजस्थान के राजसमंद जिले के सेलागुडा गांव में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भेरुजी मोड़ पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो बच्चियों समेत एक युवक की मौत हो गई.

अनियंत्रित ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही आमेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार, गर्मी की छुट्टियों के चलते महिला अपने बच्चों के साथ मायके आई थी. हादसे में दो बच्चियों समेत एक युवक की जान चली गई.

बता दें कि इससे एक दिन पहले, 23 मई को राजस्थान के अलवर में भी एक बड़ा हादसा हुआ था. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अलवर में एक स्लीपर बस पलट गई थी. बस में सवार करीब 40 यात्री घायल हो गए थे, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई गई थी. रैणी थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में मध्य प्रदेश के श्योपुर से उत्तर प्रदेश के गोवर्धन जा रही स्लीपर कोच बस गलत लेन में अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी थी.

प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि चालक को नींद आने के कारण बस नियंत्रण से बाहर हो गई थी. हादसे की सूचना मिलते ही रैणी पुलिस मौके पर पहुंची थी. थानाधिकारी बने सिंह मीणा के नेतृत्व में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पिनान चिकित्सालय पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर किया था.

एसडी/एएस