ईरान को लेकर कुछ घंटे में बड़ी घोषणा संभव : रूबियो

नई दिल्ली, 24 मई . अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दावा किया है कि कुछ ही घंटों में ईरान को लेकर कोई बड़ी घोषणा की जा सकती है. दिल्ली में एक सवाल के जवाब में उन्होंने ये बात कही.

रूबियो के अनुसार, यूएस-ईरान की बातचीत में प्रगति हुई है और कुछ बड़ा ऐलान संभव है; हालांकि, इस बारे में कुछ भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही कहेंगे. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में रूबियो ने कहा कि अमेरिका नहीं चाहता कि ईरान परमाणु हथियार हासिल करे. इस मुद्दे पर बातचीत जारी है; इसके लिए तेहरान को राजी होना होगा.

रूबियो ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों को निशाना बनाने की ईरान की धमकियों की भी निंदा की. उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया.

उन्होंने कहा, “होर्मुज स्ट्रेट किसी एक देश की संपत्ति नहीं है. यह अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ता है. ईरान वहां से गुजरने वाले कारोबारी जहाजों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा है.” रूबियो के मुताबिक अगर इसे सामान्य मान लिया तो यह आगे के लिए बेहद खतरनाक मिसाल बन जाएगा.

इस बीच, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ईरानी अधिकारी के हवाले से बताया है कि किए जा रहे दावों से उलट ईरान संवर्धित यूरेनियम सौंपने को तैयार नहीं है. अधिकारी के मुताबिक ईरान का परमाणु कार्यक्रम अभी अमेरिका के साथ शुरुआती समझौते का हिस्सा नहीं है.

उन्होंने कहा कि परमाणु मुद्दे पर अंतिम समझौते को लेकर आगे बातचीत होगी, इसलिए यह मौजूदा डील में शामिल नहीं है. दरअसल, न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया था कि ईरान यूरेनियम छोड़ने पर राजी हो गया है.

वहीं 60 दिन के सीजफायर डील की बात करने वाले एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक मसौदे में ईरान ने परमाणु हथियार न बनाने का वादा किया है. साथ ही यूरेनियम प्रोग्राम को रोकने और एनरिच्ड यूरेनियम को हटाने पर बातचीत करने की बात भी शामिल है.

केआर/