
दिल्ली, 27 मई . कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने बुधवार को साफ कहा कि यह पूरी तरह से सामान्य प्रक्रिया है और अनावश्यक चर्चा की कोई जरूरत नहीं है.
माथेर ने से बात करते हुए कहा, “कर्नाटक के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पीसीसी अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात की. यह एक सामान्य और स्वाभाविक प्रक्रिया है. बैठक के बाद एआईसीसी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि चर्चा राज्यसभा और एमएलसी मामलों से संबंधित थी. किसी भी तरह की अटकलों का कोई आधार नहीं है.”
जम्मू-कश्मीर को लेकर चीन और पाकिस्तान की हालिया टिप्पणियों पर जेबी माथेर ने कहा कि भारत को अपने अंतरराष्ट्रीय रुख को बहुत मजबूती से रखना चाहिए. उन्होंने कहा, “हर मुद्दे पर हमारा अंतरराष्ट्रीय रुख बहुत मजबूती से रखा जाना चाहिए. अगर हम कोई ठोस रुख नहीं अपनाते, तो दूसरे देश इसका फायदा उठाएंगे. हालांकि, अभी हम जो देख रहे हैं, वह यह है कि हम अमेरिका के सामने झुक रहे हैं. अतीत में भारत ने हमेशा अपने हितों से जुड़े मामलों पर मजबूत स्थिति बनाए रखी है. भारत के लिए जो मायने रखता है, वह हमारी प्राथमिकता रहनी चाहिए.”
कांग्रेस सांसद ने केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार लोगों के मन में देश में रहने के अधिकार को लेकर डर पैदा कर रही है. माथेर ने कहा, “भाजपा और केंद्र सरकार पर आरोप है कि वे लोगों के मन में असुरक्षा का माहौल बना रही हैं. लगातार जांच-पड़ताल और निगरानी से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. सीएए, एनआरसी और ऐसी अन्य प्रक्रियाओं से जुड़े सिस्टम लोगों की जिंदगी पर कड़ी नजर रख रहे है. हमारे पास नागरिकता तय करने की पहले से व्यवस्थाएं मौजूद हैं. हर नागरिक को बिना डर के शांति से जीने का अधिकार होना चाहिए.”
दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. देवेंद्र यादव ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू एक स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने जेल में कई महीने बिताए. लेकिन मैं उन्हें देश के पहले प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में जानता हूं. उन्होंने देश को नई दिशा दी और संस्थागत लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी.”
–
एससीएच/एएस