तुलसी कुमार को महाकाल के दरबार में मिला सुकून, परिवार के साथ किए ज्योतिर्लिंग के दर्शन

मुंबई, 27 मई . मशहूर गायिका तुलसी कुमार हाल ही में अपने परिवार के साथ विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचीं. बुधवार को गायिका ने इस आध्यात्मिक यात्रा की कुछ खास झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर कीं.

तुलसी ने इंस्टाग्राम पर एक मोंटाज वीडियो पोस्ट किया. इस वीडियो में वह अपनी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाबा महाकाल के दरबार में नजर आ रही हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिर के बाहर तुलसी बहन के साथ साधारण और पारंपरिक सूट पहने हुए नजर आ रही हैं.

वीडियो में गायिकी ने लिखा, “कुछ सफर इंसान को एक अलग ही तरह का सुकून और राहत देते हैं. खासकर वो सफर, जो पूरी श्रद्धा, मन की शांति और अपने परिवार के साथ मिलकर तय किए जाएं. महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग – उज्जैन. हर हर महादेव.”

तुलसी की इस पोस्ट पर उनके फैंस ‘जय महाकाल’ और ‘हर हर महादेव’ लिखकर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.

बता दें कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग देश के 12 सबसे पवित्र और शक्तिशाली शिव मंदिरों में से एक है. यहां भगवान शिव को ‘काल के स्वामी’ यानी महाकाल के रूप में पूजा जाता है. यह भारत का एकमात्र दक्षिणमुखी ज्योतिर्लिंग है. मंदिर की सबसे बड़ी पहचान ब्रह्म मुहूर्त (सूर्योदय से पहले) में होने वाली ‘भस्म आरती’ है, जिसमें भगवान शिव का श्रृंगार किया जाता है.

उज्जैन में महाकालेश्वर को ही राजाधिराज माना जाता है. यहां की प्राचीन मान्यता के अनुसार, कोई भी अन्य राजा या मुख्यमंत्री इस नगर में रात नहीं गुजार सकते. मंदिर में साल भर बॉलीवुड हस्तियों और वीआईपी लोगों का तांता लगा रहता है. तुलसी कुमार से पहले भी कई बड़े कलाकार बाबा के दर पर मत्था टेकने आ चुके हैं.

तुलसी कुमार एक लोकप्रिय गायिका और प्रसिद्ध संगीत कंपनी ‘टी-सीरीज’ के संस्थापक स्वर्गीय गुलशन कुमार की बेटी हैं. गायिका अक्सर आध्यात्मिक यात्रा पर जाती रहती हैं. इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णों देवी दर्शन के लिए गई थीं, जहां उन्होंने अपने पिता द्वारा चले आ रहे भंडारे में भी शिरकत की थी.

एनएस/पीएम