
अमरावती, 27 मई . तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नारा लोकेश ने बुधवार को तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के वार्षिक अधिवेशन ‘महानाडु’ के पहले दिन बड़ा ऐलान करते हुए 2029 के चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत टिकट देने का प्रस्ताव रखा.
उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक पास हो या न हो, टीडीपी आगामी चुनावों में महिलाओं को 33 फीसदी टिकट देगी.
देश में किसी राजनीतिक दल द्वारा इस तरह की पहल पहली बार मानी जा रही है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद महानाडु में अपने पहले संबोधन में लोकेश ने कहा कि भारतीय राजनीति का अगला दौर महिलाओं के नेतृत्व का होना चाहिए.
उन्होंने कहा, “महिलाएं राजनीति में केवल लाभार्थी बनकर न रहें, बल्कि निर्णय लेने वाली और देश का भविष्य तय करने वाली नेता बनें. टीडीपी इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएगी. यह सिर्फ नारा नहीं, बल्कि हमारी प्रतिबद्धता है.”
यह प्रस्ताव महानाडु में चर्चा के बाद पारित किए जाने की संभावना है.
इस वर्ष महानाडु की थीम ‘स्त्री शक्ति’ रखी गई है. ऐसे में लोकेश की घोषणा को महिला नेतृत्व और राजनीति में लैंगिक समानता की दिशा में बड़ा राजनीतिक और वैचारिक कदम माना जा रहा है.
हाल ही में पार्टी ने सांसद बयरेड्डी शबरी को राष्ट्रीय महासचिव बनाकर संगठन में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ाई है. वह इस पद पर नियुक्त होने वाली पार्टी की पहली महिला नेता हैं.
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लोकेश पिछले कुछ वर्षों से शिक्षा, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण पर लगातार जोर देते रहे हैं.
लोकेश ने कहा कि एनडीए सरकार महिला आरक्षण विधेयक लाकर पहले ही ऐतिहासिक कदम उठा चुकी है. उन्होंने विपक्षी दलों पर महिला सशक्तिकरण में बाधाएं खड़ी करने का आरोप लगाया और कहा कि टीडीपी सिद्धांत और व्यवहार दोनों स्तर पर महिलाओं के सशक्तिकरण में विश्वास रखती है.
उन्होंने कहा कि देश को अधिक महिला सांसदों, महिला नेताओं और महिला नीति-निर्माताओं की जरूरत है. टीडीपी का भविष्य महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेगा.
आंध्र प्रदेश के मंगलागिरि स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय महानाडु का उद्घाटन टीडीपी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने किया.
लोकेश ने कहा, “ऑफलाइन हो या ऑनलाइन, महानाडु हमेशा विशाल आयोजन रहता है. हमारी नीति हमेशा ‘नेशन फर्स्ट’ की रही है. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन का पालन करते हुए हम इस बार महानाडु को हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित कर रहे हैं.”
महानाडु में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव, पोलित ब्यूरो सदस्य, मंत्री और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.
–
डीएससी