
पटना, 28 मई . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के केंद्र में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी स्तर पर जश्न का माहौल है. इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना की और विपक्ष से सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की.
बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने से बात करते हुए कहा, “विपक्ष का काम विरोध करना है, यही उसका कर्तव्य है लेकिन सच यह है कि अब विपक्ष भी स्वीकार कर रहा है कि भारत मजबूती से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ चुका है. देश विकसित राष्ट्र बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.”
सिन्हा ने कहा, “पिछले 12 वर्षों में सामाजिक सद्भाव बढ़ा है, दंगे और अशांति घटी है. नभ, थल और जल हर क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है. इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व बदलाव आया है. लोगों में कौशल विकास हो रहा है. विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होना होगा.”
मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हम पीएम मोदी का हृदय से आभार मानते हैं. उन्होंने अपना सुख त्यागकर 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार मानकर देश के उत्थान और कल्याण के लिए कार्य किया है.”
बिहार को कृषि प्रधान राज्य बताते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “बिहार में 76 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है और 94 प्रतिशत किसान छोटे एवं सीमांत हैं. हमारी अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है. केंद्र सरकार की योजनाओं से किसानों की आय दोगुनी करने का वातावरण बना है. हालांकि छोटे किसानों को निवेश करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. इस समस्या के समाधान के लिए बिहार सरकार निरंतर प्रयासरत है.”
मंत्री ने बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के रूप में उन्होंने 47 लाख किसानों का फार्मर आईडी बनवाया है. अब लक्ष्य 50 लाख और किसानों का आईडी बनाने का है. उन्होंने कहा, “अगर किसान का उत्थान हो गया तो समझिए कि किसान का परिवार और पूरा बिहार उन्नति की राह पर आगे बढ़ जाएगा.”
–
एससीएच/वीसी