
मुंबई, 28 मई . अभिनेता रितेश देशमुख इन दिनों फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. गुरुवार को अभिनेता ने सिनेमैटोग्राफर संतोष सिवन का शुक्रिया अदा करते हुए उनके साथ अनुभव को शेयर किया.
इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर रितेश ने संतोष सिवन के साथ काम करने के अपने अनुभव को बेहद शानदार बताया और फिल्म में बेहतरीन योगदान की जमकर सराहना की. अभिनेता ने शूटिंग के समय की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें संतोष सिवन रितेश और जेनेलिया को सीन समझाते नजर आ रहे हैं. तस्वीरों में फिल्म की पूरी टीम भी दिखाई दे रही है.
रितेश देशमुख ने तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, “प्रिय संतोष सिवन सर, शुरुआत से ही आपने सिर्फ मेरे सपने को अपने सपने की तरह प्यार और विश्वास के साथ संभाला है. आपके इस भरोसे ने मेरी जिंदगी बदलकर रख दी. आपकी वजह से मुझे बड़े से बड़ा कदम उठाने और बिना डर के आगे बढ़ने का हौसला मिला.”
अभिनेता ने संतोष सिवन पर विश्वास जताते हुए लिखा, “मुझे हमेशा से इस बात पर यकीन रहा कि अगर कभी मैं किसी मुश्किल में फंस गया, तो आपका अनुभव, समझ और मार्गदर्शन मुझे सही रास्ता दिखाएगा. कई बार ऐसा लगा कि जिम्मेदारियों का बोझ बहुत ज्यादा है, लेकिन हर बार यह सोचकर हिम्मत मिली कि मैं इस सफर में अकेला नहीं हूं. आपने इस पूरी यात्रा को खूबसूरत बना दिया. आपने हमारी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को खास, जीवंत और दिल के बहुत खास बना दिया.”
उन्होंने आगे लिखा, “आप मेरे गुरु, मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत रहे हैं. आपके लिए मेरे दिल में बहुत प्यार और सम्मान है. आपके सहयोग और विश्वास के लिए मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा. बहुत सारा प्यार और आभार.”
संतोष सिवन ने रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में सिनेमेटोग्राफर काम किया है. इस ऐतिहासिक फिल्म के साथ ही उन्होंने अपने करियर में पहली बार मराठी सिनेमा में कदम रखा है. यह फिल्म 1 मई (महाराष्ट्र दिवस) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसने बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व सफलता हासिल की, जिससे यह अधिक कमाई करने वाली मराठी फिल्म बन गई.
–
एनएस/पीएम