अनूपपुर हादसा : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया आर्थिक सहायता का ऐलान

भोपाल 30 मई( ) मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार की रात को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया पर पलट गई्. इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हुई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों को आर्थिक मदद के अलावा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने का ऐलान किया है.

जानकारी के अनुसार अनूपपुर जिले के गिंजरी गांव के निवासी शुक्रवार को अपने परिवारों के साथ तिवनी जंगल में पूजा करने आए थे. पूजा करने के बाद यह सभी लोग अपने गांव की तरफ लौट रहे थे. लौटते समय पुलिया पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद ट्रॉली में सवार ग्रामीण करीब 10 फीट नीचे जा गिरे. जिस समय यह हादसा हुआ उस वक्त ट्रैक्टर ट्राली में 50 से ज्यादा लोग सवार थे.

इस हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हुई है इसके अलावा 20 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है. घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से पाली अस्पताल पहुंचाया गया. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि अनूपपुर जिले में पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं.

राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं एवं घायलों का उपचार जारी है. मुख्यमंत्री यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

एसएनपी/पीएम