
नैनीताल, 16 जून . उत्तराखंड के नैनीताल के पास खुर्पाताल में एक बड़ा हादसा हो गया. हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई. पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर झील में गिर गई.
हादसा खुर्पाताल के सरिता ताल में हुआ. मुरादाबाद से आए पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित हो गई और वह नीचे गिरने लगी. सड़क से नीचे गिरने के बाद कार सीधे सरिता ताल की झील के किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए पानी में समा गई. कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और दो युवतियां थीं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि ऊपर सड़क से तेज आवाज आई और फिर एक कार नीचे गिरती दिखाई दी. वह रेलिंग तोड़ते हुए झील में जा गिरी. हम लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसमें सवार सभी लोग कार से बाहर निकल चुके थे. उन्हें झील से बाहर निकाला गया.
सरिता ताल में एडवेंचर गतिविधियां संचालित करने वाले सुरेश चंद्र ने बताया कि घटना नैनीताल-मुरादाबाद मार्ग पर 15 जून की शाम की है. कार किनारे ही रुकी थी, उसका पिछला हिस्सा पानी के बाहर था. कार में दो युवक और दो युवतियां थीं. किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई, सभी सकुशल हैं.
कयास लगाए जा रहे हैं कि कार की अधिक रफ्तार हादसे की वजह हो सकती है. हालांकि अभी तक हादसे की वजह को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है. कार को निकालने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
बताया जा रहा है कि कार के किनारे रुक जाने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया. अगर कार झील में और आगे चली गई होती तो पर्यटकों की जान मुश्किल में पड़ सकती थी. हालांकि स्थानीय लोगों के सहयोग से यह हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
–
एएमटी/पीएम