
गोरखपुर, 20 जून . उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शनिवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया. घर से लापता नौ महीने की मासूम बच्ची खेत के पास गंभीर हालत में मिली. शुरुआती जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई थी. वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
यह घटना गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र की है, जहां उस समय सनसनी फैल गई, जब लापता हुई नौ महीने की मासूम घर से करीब 500 मीटर दूर एक टिनशेड में बेहोशी की हालत में मिली. बच्ची के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और उसकी हालत बेहद गंभीर थी. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया.
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब दो बजे बच्ची अपने बिस्तर पर सो रही थी. देर रात जब परिवार की नींद खुली तो बच्ची घर से गायब थी. परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने बच्ची को टिनशेड में पड़े देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने बच्ची के साथ दरिंदगी की आशंका जताई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रिश्ते में लगने वाले एक युवक, जिसे बच्ची का मामा बताया जा रहा है, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. जांच में उसके खिलाफ अहम तथ्य सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
घटना की जानकारी देते हुए निमिष पाटिल (एसपी सिटी) ने बताया कि शनिवार को थाना गुलरिहा में सुबह करीब 6.30 बजे एक सूचना प्राप्त हुई कि एक 9 माह की बच्ची को घर से रात के अंधेरे में अगवा कर उसके साथ गलत काम किया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और घटनास्थल पर पहुंची व बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अब बच्ची की स्थिति सामान्य है.
एसपी ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो रिश्ते में बच्ची का मामा लगता है. कड़ी पूछताछ में व्यक्ति ने अपने अपराध को स्वीकार किया. उसने बताया कि रात को शराब के नशे में वह पहले उस बच्ची को घर से उठाकर पड़ोस के खेत में ले गया और फिर उससे इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया. पुलिस इन्हीं तथ्यों के आधार पर आगे की विधिवत कार्रवाई में जुटी है.
–
डीके/एबीएम