
रांची, 21 जून . झारखंड की राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
घटना मांडर थाना क्षेत्र के हाहु टोली करगे गांव की है. मृत बच्चों की पहचान अंजी महली (7 वर्ष) और अंश महली (6 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आपस में सगे भाई थे.
जानकारी के मुताबिक, रविवार को दोनों बच्चे अपने घर के पास ही खेल रहे थे. इसी दौरान खेलते-खेलते वे गांव के समीप स्थित पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में गिर गए. काफी देर तक जब दोनों मासूम घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की.
खोजबीन के बाद ग्रामीणों की नजर जब पानी भरे गड्ढे पर पड़ी, तो वहां दोनों अचेत अवस्था में पाया गया. ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया.
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और मातम छा गया. परिजनों ने बताया कि कुछ ही देर पहले दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि इतना बड़ा हादसा हो जाएगा.
इधर, सूचना मिलते ही मांडर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
–
एसएनसी/डीकेपी