
ग्रेटर नोएडा, 8 जुलाई . ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बिसरख थाना क्षेत्र की पंचशील ग्रीन्स-2 सोसाइटी के बाहर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को एक कार ने टक्कर मार दी. हादसे में कई बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्ची को अपेक्षाकृत अधिक चोट आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह स्कूल जाने का समय होने के कारण कई बच्चे सोसायटी के बाहर सर्विस लेन पर स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान सोसायटी से एक कार बाहर निकली और अचानक नियंत्रण खो बैठी. कार पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पास में खड़े बच्चों के ऊपर जा गिरी, जिससे बच्चों को चोटें आईं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बच्चों की मदद के लिए दौड़ पड़े.
सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस के अनुसार, कार चला रही महिला पंचशील ग्रीन्स सोसाइटी की निवासी है और अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए जा रही थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोसायटी से बाहर निकलते समय महिला का पैर अचानक कार के एक्सीलेटर पर अधिक दब गया, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर सर्विस लेन में खड़ी स्कूटी से टकरा गई. स्कूटी गिरने से वहां मौजूद दो से तीन बच्चों को चोटें आईं.
पुलिस ने बताया कि घायल बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. एक बच्ची को ज्यादा चोट लगने के कारण डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है, जबकि अन्य बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है. बिसरख थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. आवश्यक विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना है कि स्कूल समय के दौरान सोसायटी के बाहर बड़ी संख्या में बच्चे बस का इंतजार करते हैं, ऐसे में इस स्थान पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक प्रबंधन की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.
–
पीकेटी