
मुंबई, 4 जुलाई . निर्देशक राजकुमार हिरानी की ओटीटी डेब्यू फिल्म ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के जियो हॉटस्टार पर रिलीज होने के बाद बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने डेब्यू करने वाले वीर हिरानी और फिल्म की पूरी टीम की जमकर तारीफ की.
पुरानी यादों को ताजा करते हुए आमिर खान ने वीर पर गर्व जताया. उन्होंने कहा कि वीर को अपने करियर की नई शुरुआत करते और एक प्रतिभाशाली व मेहनती कलाकार के रूप में आगे बढ़ते देखना उनके लिए बेहद खुशी की बात है.
आमिर खान ने कहा, “वीर मेरे बेटे जैसा है, इसलिए आज का दिन मेरे लिए बेहद भावुक और खास है. मैंने उसे बच्चे से बड़ा होते देखा है. अब उसे ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के साथ अपने करियर की नई शुरुआत करते देख मुझे बहुत खुशी हो रही है. वह हमेशा से समझदार, मेहनती और प्रतिभाशाली रहा है. उसका डेब्यू देखना मेरे लिए गर्व की बात है.”
वीर और ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए आमिर खान ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि यह उसके सफल सफर की शुरुआत है. मैं वीर और पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं. उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को पसंद करेंगे और इसे उतना ही प्यार देंगे, जितनी मेहनत और लगन से इसे बनाया गया है.”
राजकुमार हिरानी द्वारा रचित, लिखित और निर्मित ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ लंबे ओटीटी प्रारूप में उनकी पहली कोशिश है.
वीर हिरानी ने ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा है. इस शो में वह एक युवा हैकर प्रीतम पार्कर की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं.
अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी इस अनोखी साइबर क्राइम कॉमेडी-ड्रामा में वीर हिरानी, अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी, मोना सिंह, सत्यदीप मिश्रा और श्रुति मराठे जैसे प्रतिभाशाली कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं.
‘प्रीतम एंड पेड्रो’ का प्रीमियर इस साल 3 जुलाई को जियो हॉटस्टार पर हुआ.
–
एसएचके/वीसी