
कोलकाता, 16 सितंबर . तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अमेरिका में आंख के इलाज के दौरान इंस्टाग्राम पर शेयर की गई एक पोस्ट से पश्चिम बंगाल के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है.
डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी इन दिनों Supreme Court की अनुमति से अमेरिका में अपनी आंख का इलाज करा रहे हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने चेहरे की एक क्लोज-अप तस्वीर साझा की, जिसमें उनकी आंख और उसके पास का निशान (स्कार) साफ दिखाई दे रहा है.
तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “यह निशान बताता है कि मैं बहुत कुछ झेल चुका हूं, लेकिन मेरी आंखें बताती हैं कि मैं अभी खत्म नहीं हुआ हूं.”
इस पोस्ट के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं. कुछ लोग इसे उनकी शारीरिक पीड़ा और लंबे समय से चल रहे इलाज का भावनात्मक संदेश मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे उनके राजनीतिक सफर और आगे भी सक्रिय रहने के संकेत के तौर पर देख रहे हैं.
अभिषेक बनर्जी की बाईं आंख 2016 में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हो गई थी. तब से अब तक वह भारत और विदेश में कई सर्जरी और विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श ले चुके हैं. उनका मौजूदा अमेरिका दौरा भी इसी आंख के इलाज और मेडिकल कंसल्टेशन से जुड़ा है.
हालांकि, अमेरिका जाने से पहले उन्हें कानूनी प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ा. कलकत्ता हाई कोर्ट ने पहले विदेश यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद अभिषेक बनर्जी Supreme Court पहुंचे. Supreme Court ने सितंबर में तीन सप्ताह के लिए इलाज हेतु विदेश यात्रा की अनुमति देते हुए डॉक्टर, अस्पताल, ठहरने की जगह, उड़ान और यात्रा कार्यक्रम की जानकारी संबंधित अधिकारियों को पहले से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था.
Supreme Court के आदेश के अनुसार, इलाज पूरा होने के बाद उन्हें निर्धारित तीन सप्ताह की अवधि के भीतर भारत लौटना होगा.
इसी बीच उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है. हालांकि, अभिषेक बनर्जी ने स्वयं कहीं भी यह नहीं कहा है कि उनकी पोस्ट किसी राजनीतिक संदेश के तौर पर की गई थी.
इस पर राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने भी तंज कसा. उन्होंने कहा, “सुनने में आ रहा है कि अभिषेक बनर्जी न्यू जर्सी में एक आलीशान जगह पर विला किराये पर लेकर रह रहे हैं. आंख के इलाज के लिए विला की क्या जरूरत है?”
–
डीएससी