
टोक्यो, 28 जुलाई . जापान के कुमामोटो प्रांत के काशिमा टाउन में मंगलवार को एक बड़े शॉपिंग सेंटर में विस्फोट हुआ. इस घटना में कई लोग फंस गए और कई घायल हो गए. जापान के सरकारी प्रसारक एनएचके ने यह जानकारी दी.
जापान की फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के अनुसार, स्थानीय दमकल विभाग से मिली जानकारी में बताया गया कि एयॉन मॉल कुमामोटो की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा गिर गया है और कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दमकलकर्मी स्थिति की जांच करने और बचाव अभियान चलाने में जुटे हुए थे.
सिन्हुआ समाचार की जानकारी के अनुसार, एजेंसी ने बताया कि घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. हालांकि घायलों की संख्या और उनकी हालत के बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है.
पुलिस और दमकल अधिकारियों के अनुसार, उन्हें शाम करीब छह बजे स्थानीय समय पर कई आपातकालीन कॉल मिलीं. कॉल करने वालों ने बताया कि एयॉन मॉल कुमामोटो से विस्फोट जैसी आवाज आई और सफेद धुआं उठता दिखाई दिया.
एनएचके के हेलीकॉप्टर से शाम करीब 6:20 बजे ली गई हवाई तस्वीरों में इमारत को काफी नुकसान पहुंचा हुआ दिखाई दिया. इमारत की बाहरी दीवार के कुछ हिस्से टूट गए थे, जिससे अंदर का लोहे का ढांचा नजर आ रहा था. छत का एक हिस्सा भी गिरा हुआ दिखा. इसके अलावा, छत पर एक बड़ा छेद भी दिखाई दिया.
यह विस्फोट उसी दिन कुमामोटो प्रांत में आए 7.1 तीव्रता वाले शक्तिशाली भूकंप के बाद हुआ. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, माना जा रहा है कि काशिमा टाउन में जापान के भूकंप मापने के पैमाने पर कम से कम पांच से ऊपर की तीव्रता का झटका महसूस किया गया, हालांकि इसकी सही तीव्रता की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
विस्फोट के कारणों की अभी जांच की जा रही है. मौसम एजेंसी के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक शाम करीब 4:27 बजे आया. इसका केंद्र लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था. सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में जापान के भूकंप पैमाने पर इसकी अधिकतम तीव्रता सात दर्ज की गई.
जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित एरियाके सागर और यत्सुशिरो सागर के लिए एक मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.
–
एवाई/डीकेपी