मुंबई : रेल यात्रियों के मोबाइल चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, 18 फोन बरामद

मुंबई, 30 जून . महाराष्ट्र के वाशिम जिले के मालेगांव पुलिस ने रेल यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. इसी के साथ पुलिस ने आरोपी के पास से 18 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 2 लाख 53 हजार 500 रुपए बताई जा रही है. इनमें से एक मोबाइल की चोरी का मामला भुसावल जीआरपी थाने में दर्ज पाया गया है.

मालेगांव पुलिस ने यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की, जहां पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति बिना बिल के कम कीमत पर मोबाइल बेच रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने मेडशी गांव में कार्रवाई कर आरोपी किशनलाल शंकरलाल तापड़िया (40 वर्ष, निवासी चाटोरी, तहसील पालम, जिला परभणी) को हिरासत में लिया.

आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों के 18 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 53 हजार 500 रुपए है. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ये सभी मोबाइल रेल यात्रियों से चोरी किए थे.

जांच के दौरान एक मोबाइल भुसावल रेल जीआरपी थाने में दर्ज चोरी के मामले का निकला. इसके बाद मालेगांव पुलिस ने भुसावल जीआरपी को इसकी सूचना दी. आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 124 के तहत कार्रवाई की गई है.

बता दें कि पुलिस की ओर से चोरी के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई का एक दूसरा मामला मंगलवार को दिल्ली से सामने आया, जहां दिल्ली के गांधी नगर थाना पुलिस ने फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार और एक नाबालिग को पकड़ा है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7 हजार रुपए की नकदी तथा एक चोरी की स्कूटी भी बरामद की है. जांच के दौरान वाहन चोरी के दो अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है.

डीके/एबीएम