अंडर-19 एशिया कप सेमीफाइनल: भारत को जीत के लिए अफगानिस्तान ने दिया 228 रन का लक्ष्य

अल अमरात, 12 नवंबर . एसीसी पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में खेला जा रहा है. अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत के लिए 228 रन का लक्ष्य दिया है.

अफगानिस्तान के लिए पारी की शुरुआत अबिदुल्लाह नादरजान और फरीदुल्लाह एहसास ने की. दोनों बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में सफल नहीं रहे. नादरजान 14 और फरीदुल्लाह 13 रन बनाकर आउट हो गए. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे सुभान जखैल ने 31 रन बनाए की पारी खेली. 86 पर तीन विकेट गंवा चुकी अफगानिस्तान को नोमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने संभाला. दोनों ने अर्धशतक लगाते हुए टीम को 8 विकेट पर 227 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

सालारजई ने 78 गेंदों पर 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 51 और रहीमी ने 72 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली. आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान सोहेल खान ने 44 गेंदों पर 36 रन की पारी खेली.

भारत की तरफ से ईशान सूद ने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट लिए. आर्यन सवसानी ने 7 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लिए. काव्य पटेल, यशबर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को 1-1 विकेट मिला.

228 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए भारतीय टीम को एक बेहतरीन ओपनिंग साझेदारी की जरूरत होगी. भारतीय बल्लेबाजी के दौरान आर्यवीर सहवाग और अर्जुन राजपूत की बल्लेबाजी पर नजर रहेगी.

भारत की प्लेइंग इलेवन: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनाल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, ईशान सूद.

अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: अबिदुल्लाह नादरजान, फरीदुल्लाह एहसास, सुभान जखैल, नोमान सालारजई (विकेटकीपर), शाह फैसल रहीमी, ताहिर सरवरी, आमिर हमजा, सोहेल खान (कप्तान), मोहम्मद अली, बिलाल सलीमंखिल, नूर अली नियाजी.

–

पीएके