समुद्र में 526 किलो ड्रग्स पकड़े जाने पर अमित शाह बोले- केंद्र सरकार युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रतिबद्ध

नई दिल्ली, 30 सितंबर . भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और गुजरात के आतंकवाद-रोधी दस्ता (एटीएस) द्वारा अरब सागर में 526 किलोग्राम ड्रग्स पकड़ने पर गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ी उपलब्धि बताई है.

अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, “मोदी सरकार युवाओं को ड्रग्स की बुराई से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. गुजरात एटीएस, इंडियन कोस्ट गार्ड और सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसियों के एक जॉइंट ऑपरेशन में भारत के ईईजेड (एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन) में एक ईरानी नाव से 526 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन और हेरोइन जब्त की गई है. यह नाव लक्षद्वीप से 160 नॉटिकल मील उत्तर-पश्चिम और मुंबई से 490 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में थी.”

गृह मंत्री ने आगे कहा, “इस मामले में पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है और इसके बड़े नेटवर्क तथा ड्रग्स लेने वालों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है. एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल और सहयोग का उदाहरण पेश करते हुए 16 दिनों तक चले इस ऑपरेशन में एक ईरानी नाव को भी जब्त किया गया.”

भारतीय तटरक्षक बल ने बताया कि एटीएस गुजरात और सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी के साथ मिलकर की गई एक खुफिया जानकारी पर आधारित जॉइंट ऑपरेशन में भारतीय तटरक्षक यूनिट्स ने अरब सागर में लक्षद्वीप के पश्चिम में एक संदिग्ध ईरानी नाव को रोका. नाव की पहचान करने, लगातार पीछा करने और तेजी से कार्रवाई करते हुए उस पर चढ़ने के बाद नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया.

इस ऑपरेशन में 526 किलोग्राम उच्च-गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त की गई, जिसकी कीमत 3,000 करोड़ से ज़्यादा है. साथ ही, नाव पर सवार पांच पाकिस्तानी क्रू सदस्यों को भी पकड़ा गया. पकड़ी गई नाव और उसके क्रू को कई एजेंसियों द्वारा जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया है.

भारतीय तटरक्षक बल ने कहा है कि देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वह पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है. यह अभियान ‘नशामुक्त भारत’ के लक्ष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

–

ओपी/एएस