‘बार्बी’ के बाद अब ‘नार्निया’ की जादुई दुनिया लाएंगी डायरेक्टर ग्रेटा गेरविग, इस दिन होगी रिलीज

लॉस एंजेलिस, 3 मई . हॉलीवुड में फैंटेसी फिल्मों का हमेशा से खास क्रेज रहा है. ऐसी ही एक मशहूर कहानी है ‘द क्रॉनिकल्स ऑफ नार्निया’, जिसने दुनियाभर के बच्चों और बड़ों के दिलों में खास जगह बनाई है. अब इस मशहूर कहानी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी पूरी हो चुकी है.

हॉलीवुड निर्देशक ग्रेटा गेरविग की आने वाली फिल्म ‘नार्निया: द मैजिशियन्स नेफ्यू’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. फिल्म का नाम, स्टारकास्ट और रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर घोषित कर दी गई है.

ग्रेटा गेरविग इससे पहले सुपरहिट फिल्म ‘बार्बी’ को निर्देशित कर चुकी हैं. ‘बार्बी’ की सफलता के बाद अब वह ‘नार्निया’ की जादुई दुनिया को नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करने जा रही हैं.

‘फीमेल फर्स्ट यूके’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह फिल्म 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके बाद इसे 2 अप्रैल 2027 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा. इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.

फिल्म का नाम ‘नार्निया: द मैजिशियन्स नेफ्यू’ रखा गया है. यह कहानी मशहूर लेखक सी. एस. लुईस की किताब पर आधारित है. इस फिल्म में कई बड़े हॉलीवुड सितारे नजर आने वाले हैं, जिनमें मेरिल स्ट्रीप, डेनियल क्रेग, केरी मुलिगन, सियारन हिंड्स, एमा मैके और डेनिस गॉफ जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

ग्रेटा गेरविग ने इस प्रोजेक्ट को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया है. उन्होंने कहा, ”जब मैं छोटी थी, तब मैंने पहली बार ‘द मैजिशियन्स नेफ्यू’ पढ़ी थी और इसकी कहानी से जुड़ गई थीं. किताब में दिखाई गई जादुई दुनिया बेहद खास लगी थी. बचपन में यह कहानी मेरे दिल में बस गई थी और अब इसी दुनिया को फिल्म के जरिए जीवंत करना मेरे लिए भावुक अनुभव है.”

उन्होंने कहा, ”’नार्निया’ की कहानियों ने मुझे बचपन में जादू, रोमांच और रहस्यमयी दुनियाओं पर विश्वास करना सिखाया. इन कहानियों ने मुझे यह महसूस कराया कि जिंदगी में कुछ भी असंभव नहीं होता और साधारण लोग भी बड़ी कहानियों का हिस्सा बन सकते हैं. यही वजह है कि ‘नार्निया’ आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखती है.”

फिल्म को लेकर ग्रेटा गेरविग ने बताया कि वह इस प्रोजेक्ट को लेकर थोड़ा डर महसूस कर रही थीं. उन्होंने कहा, “मैं ‘नार्निया’ की कहानियों का बहुत सम्मान करती हूं और इसलिए इस कहानी को सही तरीके से पर्दे पर उतारना मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी है.”

ग्रेटा इस फिल्म में निर्देशक के साथ-साथ लेखिका और निर्माता की भी भूमिका निभा रही हैं.

फिल्म का संगीत एंड्रयू वायट तैयार कर रहे हैं. उनके साथ मशहूर संगीतकार मार्क रॉनसन भी जुड़े हुए हैं.

पीके/वीसी