पटना : टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल अवनीश की गिरफ्तारी के बाद उसके गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रही पुलिस

पटना, 30 अगस्त . बिहार की राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सोन नदी के किनारे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. नाविकों से रंगदारी वसूलने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.

मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 62 राउंड गोलियां चलीं. पुलिस की गोली से एक अपराधी घायल हुआ है, जबकि पुलिस के भी एक-दो जवानों के घायल होने की सूचना है. पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहटा थाना क्षेत्र में सोन नदी के बीच नाविकों से अपराधी रंगदारी वसूल रहे हैं.

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपराधियों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. उन्होंने बताया कि अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड फायरिंग की गई, जबकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में करीब 22 राउंड गोलियां चलाईं. इस तरह दोनों ओर से करीब 62 राउंड फायरिंग हुई.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी अवनीश कुमार के पैर में गोली लगी. उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस उसके साथ मौजूद अन्य अपराधियों के संबंध में पूछताछ और जांच कर रही है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, मौके से एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और करीब 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इसके अलावा अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक नाव को भी पुलिस ने जब्त किया है. एसएसपी ने बताया कि घायल अपराधी अवनीश कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. वह पूर्व के कई मामलों में शामिल रहा है. पिछले साल भी उसके खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवनीश कुमार पटना पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है. उसके खिलाफ एके-47 से जुड़े मामले में भी फरार रहने की बात सामने आई है. पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ ही उसके गिरोह और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. फायरिंग के दौरान बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी घायल हो गए. बताया गया है कि गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के भी घायल होने की सूचना है. हालांकि, उनकी चोट की प्रकृति को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पटना पश्चिमी के सिटी एसपी संकेत कुमार और डीएसपी अमरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस टीम से मुठभेड़ की पूरी जानकारी ली. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सोन नदी और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवनीश के साथ कितने अन्य अपराधी मौजूद थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में फरार हुए. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही सोन नदी में आने-जाने वाली नावों की भी जांच की जा रही है.

एमएनपी/एएस