
नई दिल्ली, 29 अप्रैल . पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग समाप्त हो गई. इसके साथ ही अब सबकी निगाहें पश्चिम बंगाल के साथ ही असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनावी परिणामों पर टिकी है. सभी चुनावी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे. वहीं, चुनाव खत्म होने के साथ ही कई एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं.
नतीजों से पहले जी न्यूज के एआई एग्जिट पोल (जीनिया) में एक केंद्रशासित समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव पर सर्वे सामने आया है. जिसके मुताबिक पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कांटे का मुकाबला हो सकता है. हालांकि, इस सर्वे में बंगाल में सत्ता परिवर्तन का अनुमान लगाया गया है.
जी न्यूज के एआई एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल में भाजपा को 144-160 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी पार्टी को 129-145 सीटें मिल सकती है.
इसके अलावा एग्जिट पोल में असम में भाजपा जीत की हैट्रिक लगा सकती है. जी न्यूज के एआई एग्जिट पोल के अनुसार, असम में एनडीए को 80 से 86 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. वहीं कांग्रेस को 29 से 35 और अन्य खाते में 8 से 13 सीटें आ सकती है.
वहीं जी न्यूज के एआई एग्जिट पोल में असम में मुख्यमंत्री की पहली पसंद कौन है? इसको लेकर भी सवाल किया गया. इसमें हिमंता बिस्वा सरमा को 52 प्रतिशत, गौरव गोगोई को 31 प्रतिशत, सर्बानंद सोनोवाल को 10 प्रतिशत और अखिल गोगोई को 7 प्रतिशत दिया गया है.
हालांकि, पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े एग्जिट पोल आधिकारिक चुनाव परिणाम नहीं हैं. सही नतीजों की जानकारी 4 मई को मतगणना के बाद सामने आ सकेगी.
बता दें कि पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के नतीजे 4 मई को सामने आएंगे. बंगाल में पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान संपन्न हो गए. बंगाल में पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में करीब 90 प्रतिशत वोटिंग हुई है. वहीं, असम की 126 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था.
–
एसके/एबीएम