
भोपाल 9 सितंबर ( ) मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिमरिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने महिला की मृतदेह को लेकर विवादित बयान दिया है. उनके इस बयान पर सियासत गरमा गई है, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने तो कांग्रेस विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. दरअसल, कांग्रेस के विधायक मिश्रा ने रीवा के संजय गांधी अस्पताल को लेकर एक विवादित बयान दिया.
उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि सुंदर महिला की मृत देह से पोस्टमार्टम रूम में दुष्कर्म तक किया जाता है. उन्होंने यह बयान संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं और पिछले दिनों एक महिला और उसके पेट में पल रहे बच्चे की मौत को लेकर दिया. कांग्रेस के विधायक के इस बयान पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने सख्त ऐतराज जताया है और कहा है कि कांग्रेस नेताओं का महिलाओं के प्रति दुर्भावना भरा रवैया बार-बार उनके बयानों से सामने आता है. जिस तरह कांग्रेस विधायक ने महिलाओं की मृत देह के संदर्भ में आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है, वह घोर निंदनीय और बेहद आपत्तिजनक है.
अजय यादव ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी को अपने अमर्यादित बयान देने वाले विधायक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए. यदि विधायक के पास इस मामले से संबंधित कोई प्रमाण या तथ्य हैं, तो उन्हें संबंधित पुलिस थाने अथवा जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए. लेकिन आरोपों के नाम पर महिलाओं का अपमान करना और यहां तक कि मृत देह की गरिमा को भी ठेस पहुंचाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.
भाजपा प्रवक्ता का आरोप है कि यह कांग्रेस की महिलाओं के प्रति सोच, संस्कार और चरित्र को उजागर करता है. कांग्रेस नेतृत्व को इस अमर्यादित बयान पर जनता से माफी मांगनी चाहिए और अपने विधायक के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
–
एसएनपी/पीएम