
चंडीगढ़, 30 जुलाई . शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राज्यपाल से मिलने का ऐलान किया है. पार्टी का एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर दो बड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपेगा.
पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत एस. चीमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए लिखा कि शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल पार्टी अध्यक्ष एस. सुखबीर सिंह बादल की अगुवाई में शुक्रवार दोपहर 12:00 बजे चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन यानी पंजाब लोक भवन में राज्यपाल से मिलेगा.
चीमा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले बरनाला में हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाएगा. उनका आरोप है कि बरनाला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही महिलाओं और सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने बर्बरता से लाठीचार्ज किया. अकाली दल इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय की मांग करेगा.
ज्ञापन का दूसरा अहम मुद्दा पंजाब में फार्मेसी अधिकारियों की भर्ती परीक्षा का पेपर लीक और उसमें घोटाला है. अकाली दल का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं, जिससे युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है. पार्टी ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है.
डॉ. चीमा ने पोस्ट में कहा, “ये घोटाले पंजाब में ‘आप’ सरकार की भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता को बुरी तरह से कमजोर कर चुके हैं. युवाओं के साथ धोखा हुआ है और सरकार इस पर चुप है.”
अकाली दल का आरोप है कि पेपर लीक और भर्ती में धांधली के कारण योग्य उम्मीदवार पीछे रह गए और अयोग्य लोगों को फायदा पहुंचाया गया. पार्टी का कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा.
पंजाब में पिछले कुछ महीनों से भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. विपक्षी दल इसको लेकर सरकार को घेर रहे हैं. अकाली दल ने पहले भी कई बार प्रदर्शन कर सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन अब पार्टी सीधे राज्यपाल के हस्तक्षेप की मांग कर रही है.
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान अकाली नेताओं के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी के भी मौजूद रहने की उम्मीद है.
–
एससीएच/डीकेपी