अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, कहा-‘भ्रष्टाचार में डूबी सरकार, एआई में हमें बदनाम करने की कोशिश’

लखनऊ, 31 अगस्त . समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और स्कूलों को बंद किए जाने समेत कई मुद्दों पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए सरकार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से वीडियो तैयार करवा कर प्रसारित कर रही है. अखिलेश ने चेतावनी दी कि सरकार ने अगर एआई के जरिए समाजवादी पार्टी को घेरने की कोशिश की तो पार्टी इस मोर्चे पर उसे पीछे छोड़ देगी.

लखनऊ में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार विपक्ष को बदनाम करने के लिए “बच्चों के खेल” न खेले. उन्होंने कहा, “एआई में हम उनसे काफी आगे हैं.” इस दौरान सपा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित एक एआई वीडियो भी दिखाया गया, जिसके जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया गया.

अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पीडीए परिवार का विस्तार करने का संकल्प लिया है, ताकि आने वाले समय में सामाजिक न्याय के लिए समर्पित सरकार का गठन किया जा सके. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारी अगले दो सप्ताह में मीडिया के माध्यम से भाजपा के कथित भ्रष्टाचार, पीडीए वर्ग के साथ हो रहे कथित अपमान और जिलास्तर पर होने वाले अन्याय को जनता के सामने रखेंगे.

सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी भाजपा और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के बाद भाजपा, निर्वाचन आयोग के साथ मिलीभगत कर दोबारा पुनरीक्षण कराने की साजिश कर सकती है. उन्होंने इसे स्थापित नियमों के खिलाफ बताया. अखिलेश ने कहा कि सपा इस मुद्दे पर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करेगी और जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेगी.

सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय बड़े पैमाने पर लूट हो रही है. उन्होंने दावा किया कि यह अब तक की सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार है. उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों को बंद करवा रही है. अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी बंद किए गए स्कूलों में जाकर कार्यक्रम आयोजित करेगी और जनता को सरकार के कथित कारनामों की जानकारी देगी. अखिलेश यादव ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए.

उन्होंने कहा कि जिस एक्सप्रेसवे को सरकार की उपलब्धि के तौर पर पेश किया गया, उसमें गड्ढे होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. उन्होंने कहा कि अब डिजाइन में गड़बड़ी की बात कही जा रही है, तो सवाल उठता है कि आखिर गलती किसकी थी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए गए एक अन्य एक्सप्रेसवे की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उसमें भी गड्ढे हो गए हैं. अखिलेश ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है.

उन्होंने प्रयागराज में कुंभ के आयोजन से लेकर अब तक हुए खर्च का जिक्र करते हुए कहा कि एक लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद यह सवाल बना हुआ है कि प्रदेश को उसके अनुरूप विकास का लाभ कितना मिला. उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और पूरा उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है.

राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि भाजपा अगर जयंत चौधरी को 61 सीटें देती है तो उनका सम्मान बढ़ेगा. अखिलेश ने कहा कि इससे कम सीटें देना उनके लिए अपमान के तौर पर देखा जाएगा. अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को लगातार मजबूत कर रही है और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के साथ पीडीए के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

विकेटी/पीएम