
मुंबई, 13 जुलाई . अभिनेत्री अक्षरा हासन अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सिमुलाक्रा’ की रिलीज की तैयारी में हैं. हाल ही में फिल्म का टीजर जारी किया गया, जिसमें अक्षरा ‘निवी’ के किरदार में नजर आ रही हैं. यह फिल्म दर्शकों को ऐसी भविष्य की दुनिया में ले जाती है, जहां इंसानों की यादों को न्यूरल ब्रेन चिप्स की मदद से बदला, दोबारा लिखा या पूरी तरह मिटाया जा सकता है.
अक्षरा ने कहा कि ‘निवी’ उनके अब तक निभाए गए किरदारों से बिल्कुल अलग है. इस भूमिका को निभाने के लिए उन्हें एक अलग तरह की समझ और मैच्योरिटी की जरूरत पड़ी.
अक्षरा ने कहा, “निवी एक बहुत अलग किरदार है. इस भूमिका के लिए एक इंसान और कलाकार दोनों के रूप में अलग लेवल की मैच्योरिटी चाहिए. फिल्म की कहानी कई परतों वाली है. इस किरदार के जरिए मैंने अपने अंदर के एक नए कलाकार को खोजा. मुझे कई तरह की भावनाओं और उनके टकराव को निभाने का मौका मिला. इस किरदार ने मुझे कलाकार के तौर पर चुनौती दी और मुझे इसे निभाने में बहुत मजा आया.”
फिल्म ‘सिमुलाक्रा’ की कहानी भविष्य की एक ऐसी दुनिया पर आधारित है, जहां लोगों की जिंदगी न्यूरल ब्रेन चिप्स से कंट्रोल होती है. इस तकनीक की मदद से बड़ी टेक कंपनियां लोगों को अपनी निजी यादों को अपनी पसंद के मुताबिक बदलने, दोबारा लिखने या पूरी तरह मिटाने की सुविधा देती हैं.
फिल्म की कहानी दो किरदारों नयन और निवी के इर्द-गिर्द घूमती है. नयन का किरदार अभिनेता सत्यजीत दुबे निभा रहे हैं, जबकि निवी की भूमिका में अक्षरा हासन हैं. दोनों की मुलाकात ऐसे समाज में होती है, जहां तकनीक इंसानी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है.
कहानी में नयन दावा करता है कि उसका और निवी का अतीत बेहद गहरा रहा है. वह अपनी न्यूरल मेमोरी वॉल्ट में सुरक्षित तस्वीरों के जरिए इस रिश्ते का सबूत भी दिखाता है. दूसरी ओर निवी को उसके बारे में कुछ भी याद नहीं होता. उसकी मेमोरी वॉल्ट पूरी तरह खाली होती है.
इसके बाद नयन दोनों के पुराने रिश्ते की दोबारा याद दिलाने की कोशिश करता है. इसी सफर के दौरान दोनों के बीच नए भावनात्मक रिश्ते बनने लगते हैं और कहानी कई दिलचस्प मोड़ लेती है.
अभिनेता सत्यजीत दुबे ने भी फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की. उन्होंने कहा कि ‘सिमुलाक्रा’ की सबसे खास बात यह है कि यह वास्तविकता, पहचान, रिश्तों और तकनीक के बढ़ते असर जैसे विषयों को बेहद अलग तरीके से पेश करती है. आज के समय में जब एआई तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बन रहा है, तब ऐसी कहानी और भी ज्यादा मायने रखती है.
सत्यजीत ने कहा कि निर्देशक पंकज सावंत का इस कहानी को पर्दे पर लाने का जुनून और उनका नजरिया उन्हें बहुत प्रेरित करने वाला लगा. यही वजह थी कि उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने का फैसला किया.
फिलोसिया फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘सिमुलाक्रा’ का प्रीमियर 17 जुलाई को वेव्स ओटीटी पर होगा.
–
पीके/एबीएम