
मुंबई, 10 अगस्त . सिंगर गुरु रंधावा इन दिनों अपने नए गाने ‘फाइन शिट’ को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में हैं. गाना रिलीज होने के बाद जहां कुछ लोगों ने इसे पसंद किया, वहीं बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने इसके लिरिक्स, म्यूजिक और म्यूजिक वीडियो की प्रेजेंटेशन को लेकर सवाल उठाए. लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच अब गुरु रंधावा ने खुद सामने आकर इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
गुरु रंधावा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ”मैं मानता हूं कि मैं ऐसे गाने बनाता हूं जो आपके दिमाग में बार-बार चलते रहते हैं. जो गाने बन रहे हैं, वो मुझे अच्छे लग रहे हैं. इसमें कोई नकारात्मक भावनाएं नहीं हैं. ये बस एक छोटी सी स्लैंग है. शांत हो जाओ, शांत हो जाओ, शांत हो जाओ दोस्तों.”
दरअसल, गुरु रंधावा का ‘फाइन शिट’ गाना रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है. म्यूजिक वीडियो को एक कॉर्पोरेट ऑफिस के माहौल में फिल्माया गया है. इसमें गुरु रंधावा एक सीनियर प्रोफेशनल के किरदार में नजर आते हैं. उनके आसपास महिला सहकर्मी डांस और परफॉर्म करती दिखाई देती हैं.
वीडियो की शुरुआत एक मजेदार डिस्क्लेमर के साथ होती है. इसमें बताया गया है कि वीडियो में दिखाई देने वाले सभी कलाकार 18 साल से ज्यादा उम्र के हैं और कहानी काल्पनिक है. साथ ही मजाकिया अंदाज में दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे ऑफिस में वीडियो के डांस स्टेप्स को दोहराने की कोशिश न करें, वरना एचआर उन्हें बैन कर सकता है.
गाना सामने आने के बाद कई यूजर्स ने गुरु रंधावा को ट्रोल करना शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने गाने को ‘नॉइज पॉल्यूशन’ कहा, जबकि कुछ ने गुरु की तुलना टोनी कक्कड़ से की. कई यूजर्स ने गाने के लिरिक्स पर सवाल उठाए और वीडियो में ऑफिस और महिला कर्मचारियों की प्रस्तुति को लेकर भी नाराजगी जताई. इन सब से अलग कुछ लोगों ने गाने को पसंद किया और इसे गुरु रंधावा का कमबैक बताया.
‘फाइन शिट’ को गुरु रंधावा और यश्वी देसाई ने गाया है. गाने के बोल गुरु रंधावा और गुरजीत गिल ने लिखे हैं. म्यूजिक वीडियो में रूही दोसानी, डिविनिटी बिष्ट, अर्शिया सिन्हा, रायमा ग्रोवर और मेहर कौर जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं.
इससे पहले गुरु रंधावा को ऐसी ही आलोचना का सामना अपने गाने ‘अजुल’ को लेकर करना पड़ा था. उस वीडियो को लेकर कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया था कि इसमें शिक्षक और छात्र के बीच अनुचित रिश्ते को गलत तरीके से पेश किया गया.
–
पीके/वीसी