यूपी चुनाव 2027 के लिए अक्टूबर के अंत तक भाजपा के अभियान का आगाज कर सकते हैं अमित शाह

लखनऊ, 21 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने तैयारी तेज कर दी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 और 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकते हैं.

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में अमित शाह कार्यसमिति के सदस्यों को संबोधित कर सकते हैं और चुनावी रणनीति को लेकर अहम दिशा-निर्देश दे सकते हैं.

बताया जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी एक दिन की बैठक में शामिल हो सकते हैं. इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यसमिति के सभी सदस्य शामिल होने की संभावना है.

इस बैठक को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इसमें संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक की तैयारियों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी.

फिलहाल भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों में तेजी आने के संकेत मिल रहे हैं. अमित शाह के दौरे से कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और चुनावी माहौल बनाने की कोशिश होगी. हालांकि, बैठक की तारीख और नेताओं के कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है.

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा भारत की सबसे बड़ी द्विसदनीय विधायिका का निचला सदन है. यूपी विधानसभा में कुल 403 निर्वाचित सदस्य होते हैं. राज्य में विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में होने की उम्मीद है, जिसके लिए सभी राजनीतिक दल अभी से सक्रिय हो गए हैं. भाजपा इस बार भी सत्ता बरकरार रखने के लिए संगठन और सरकार दोनों स्तर पर बड़े फैसले लेने की तैयारी में है.

–

वीकेयू/पीएम