
लंदन, 15 अगस्त . इंग्लिश फुटबॉल क्लब क्रिस्टल पैलेस ने इजराइल के इंटरनेशनल खिलाड़ी अनान खलाइली को बेल्जियम क्लब ‘रॉयल यूनियन सेंट-गिलॉइस’ से 2031 तक के लंबे कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किया है.
21 साल के खलाइली, जो फुल-बैक या विंगर के तौर पर खेल सकते हैं, ऑस्कर मिन्गुएजा, ताकेहिरो तोमियासु, ड्वाइट मैकनील और इवान गुएसांड के बाद इस समर में पैलेस के पांचवें नए खिलाड़ी बने हैं. इजराइल के हाइफा में जन्मे खलाइली ने मकाबी हाइफा में अपने खेल का सफर शुरू किया था और क्लब के लिए 52 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 15 गोल किए. 2023 में मकाबी हाइफा की इजराइल सुपर कप जीत में भी उन्होंने गोल किया था. खलाइली 2024 की गर्मियों में यूनियन एसजी में शामिल हुए और जल्द ही बेल्जियम क्लब के सफल दौर का हिस्सा बन गए.
उन्होंने यूनियन एसजी को 90 साल में पहली बार बेल्जियम का टॉप-फ्लाइट खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई, जिससे टीम ने यूईएफए चैंपियंस लीग के लिए भी क्वालिफाई किया. खलाइली ने चैंपियंस लीग में तीन गोल किए और पिछले सीजन में क्लब को बेल्जियम कप जिताने में मदद की. महज 21 साल की उम्र में खलाइली इजराइल की सीनियर नेशनल टीम के लिए 16 मैच खेल चुके हैं. पैलेस के चेयरमैन स्टीव पैरिश ने टीम में नए खिलाड़ी का स्वागत किया और कहा कि क्लब को खुशी है कि खलाइली ने सेल्हर्स्ट पार्क में अपना करियर आगे बढ़ाने का फैसला किया.
पैरिश ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “हम इस साइनिंग को पूरा करने के लिए बहुत उत्साहित हैं, और हमें खुशी है कि अनान खलािली ने क्रिस्टल पैलेस के साथ अपना सफर जारी रखने का फैसला किया है.” खलाइली के अनुसार, वह प्रीमियर लीग में नई चुनौती का सामना करने के लिए उत्साहित हैं.
उन्होंने कहा, “मैं यहां आकर खुश हूं, उत्साहित हूं और जल्द से जल्द शुरुआत करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं. मैंने प्रीमियर लीग को फॉलो किया है – यह मेरे लिए एक नई चुनौती है और मैं लंबे समय से क्रिस्टल पैलेस को भी फॉलो कर रहा हूं. मैं यहां आकर खुश हूं.”
–
एसएम/डीकेपी