पुणे की घटना पर बोले आनंद दुबे- महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त

मुंबई, 29 मई . पुणे की घटना को लेकर शिवसेना (यूबीटी) के नेता आनंद दुबे ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र में पुणे से सटे पिंपरी-चिंचवड में अवैध शराब बनाई जा रही है, उसे खुलेआम बेची जा रही है. लोग जहरीली शराब पी रहे हैं, जिससे उनकी मौतें भी हो रही हैं. अवैध शराब बेचने वालों को कानून का कोई डर नहीं है. लालच के चक्कर में उन्होंने कानून का उल्लंघन किया.

आनंद दुबे ने कहा कि 13 लोगों की मौत हो गई है और पता नहीं कितनों की स्थिति खराब है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है. पुणे हो या नासिक हो, हर जगह अपराधी धड़ल्ले से घूम रहे हैं. शराब, ड्रग्स या मादक पदार्थों के खिलाफ जो कार्रवाई होनी चाहिए, वो पुलिस नहीं कर रही है. मुख्यमंत्री से निवेदन है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई के आदेश दें और वक्त हो तो खुद घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना करें.

सिद्दारमैया के इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि 2023 के चुनावों के बाद वे मुख्यमंत्री बने. उस समय कांग्रेस के भीतर यह चर्चा चल रही थी कि ढाई-ढाई साल के लिए दो मुख्यमंत्री होंगे. सिद्दारमैया को मुख्यमंत्री बने हुए लगभग तीन साल पूरे होने वाले हैं, इसलिए यह एक स्वाभाविक प्रक्रिया है कि कोई व्यक्ति स्वयं ही पद छोड़ दे.

आनंद दुबे ने आगे कहा कि सिद्दारमैया को कांग्रेस पार्टी राज्यसभा भेजना चाहती है, लेकिन उनकी इच्छा है कि राज्य में और सेवा करनी है. वे बड़े नेता हैं. उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि कर्नाटक में सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार की जोड़ी जरूर कामयाब होगी. आने वाले वक्त में जब विधानसभा के चुनाव होंगे तो कांग्रेस कर्नाटक में फिर से जीतेगी.

आनंद दुबे ने कहा कि अजीत डोभाल हमारे देश की सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख हैं. उन्होंने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ दोहरे मापदंड बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. जब भी आतंकवाद से जुड़ी कोई समस्या आती है तो वे तुरंत राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में खुद को समर्पित कर देते हैं. उन्होंने जो कुछ भी कहा है, वह अत्यंत महत्वपूर्ण और गंभीर है.

उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि रूस में जब वे इस बात को कह रहे हैं तो इसे पूरी दुनिया को समझ लेना चाहिए कि भारत और रूस दोनों ही महत्वपूर्ण देश हैं. दोनों ही आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ते हैं. पाकिस्तान पूरी दुनिया के आतंकवाद का केंद्र बिंदु है. हम डोभाल की बात से सहमत हैं कि आतंकवाद के खिलाफ दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं करेंगे.

एसडी/डीकेपी