आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के विकास की प्रथम पाठशाला: सीएम मोहन यादव

उज्जैन, 15 जुलाई . मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की प्रथम पाठशाला है. सरकार द्वारा छोटे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं.

सीएम मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन के स्वेज फार्म सक्षम आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के अवलोकन एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में कहा कि सीएसआर फंड से बनाए गए सदावल में स्थित इस आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं.

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित रूप से विकास किया जा रहा है, जिससे निरंतर उनकी दशा में सकारात्मक परिवर्तन आ रहे हैं. मध्य प्रदेश सरकार द्वारा बच्चों के विकास एवं पढ़ाई के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए सर्व सुविधा युक्त पक्के भवन, फर्नीचर, खिलौने, पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा सब कुछ एक ही छत के नीचे एक ही जगह उपलब्ध करवाया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य है कि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में व्यवस्थाओं का अवलोकन कर बच्चों से संवाद किया. आंगनबाड़ी केंद्र पर फूड जोन, स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष, मेडिसिन कक्ष का अवलोकन कर जानकारी ली.

उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा रहा है. मध्य प्रदेश सरकार देश में हो रहे विकास के विशेष प्रयासों से कदम से कदम मिलाकर चल रही है. आज बदलते दौर में प्रदेश के साथ विशेष रूप से उज्जैन का माहौल भी बदला है. उज्जैन में वर्ष 2028 में भव्य और दिव्य सिंहस्थ के आयोजन की तैयारियां जारी हैं.

सीएम मोहन यादव ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में लगे झूलों पर बच्चों को झुलाया. वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों ने गुलाब का फूल भेंट कर उनका स्वागत किया. उन्होंने छोटे-छोटे बच्चों को दुलार करते हुए सभी को लड्डू के पैकेट, पोषण आहार के रूप में चना और मूंगफली के पैकेट वितरित किए.

एसएनपी/डीकेपी