भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंचे अनु मलिक, बोले-आप दोनों से मिलती है प्रेरणा

मुंबई, 21 जुलाई . मशहूर कंपोजर अनु मलिक ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को अपनी धुनों से कई यादगार गाने दिए हैं. वह अपनी संगीत प्रतिभा के साथ-साथ अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते है. हाल ही में उन्होंने कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति, लेखक व होस्ट हर्ष लिंबाचिया के साथ हुई खास बातचीत का एक वीडियो शेयर किया.

इस वीडियो में वह दोनों की जमकर तारीफ करते हुए कहते है कि आप मेरे अंदर की क्रिएटिविटी को बाहर लाते हैं.

दरअसल, यह वीडियो भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट का है, जिसमें अनु मलिक गेस्ट के तौर पर पहुंचे. इस वीडियो में वह दोनों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान उन्होंने भारती और हर्ष के छोटे बेटे काजू के लिए तुरंत एक गाना भी बना दिया, जिसे सुनकर सभी काफी खुश नजर आए.

वीडियो शेयर करते हुए अनु मलिक ने लिखा, ”हर्ष और भारती, आप दोनों सच में मेरे अंदर की क्रिएटिविटी को बाहर लाते हैं. तुरंत बनाया गया एक गाना हो या फिर हमारे बीच हुई बातचीत, मैंने आपके साथ बिताए हर पल का भरपूर आनंद लिया.”

उन्होंने भारती सिंह की तारीफ करते हुए कहा, ”भारती, मेरे अचानक बनाए गए गाने के आखिर में आपकी जो हंसी थी, वह बेहद सच्ची और दिल से निकली हुई थी. आप दोनों का बहुत धन्यवाद, इतना अच्छा समय देने के लिए. आप दोनों से बात करके मुझे बहुत अच्छा लगा.”

अनु मलिक का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है.

अनु मलिक ने अपने लंबे करियर में कई सुपरहिट गाने दिए हैं. इनमें ‘बाजीगर ओ बाजीगर’, ‘वो लड़की जो’, ‘हम तो दीवाने’, ‘तुम्हें जो मैंने देखा’, ‘मेरे हमसफर’ और ‘ताल पे जब’ जैसे लोकप्रिय गाने शामिल हैं. उनके संगीत ने 90 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में खास पहचान बनाई.

वहीं, भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंद किए जाने वाले कपल्स में से एक हैं. दोनों ने कई साल तक एक-दूसरे को डेट किया और साल 2017 में शादी की थी. शादी के बाद भी दोनों ने अपने करियर को आगे बढ़ाया और कई शो में साथ नजर आए. अप्रैल 2022 में दोनों पहली बार माता-पिता बने थे. उनके घर बेटे लक्ष्य सिंह लिंबाचिया का जन्म हुआ था. इसके बाद दिसंबर 2025 में उनके दूसरे बेटे का जन्म हुआ, जिसका नाम उन्होंने यशवीर रखा.

पीके/वीसी