
मुंबई, 4 मई . अभिनेता अनुपम खेर अपनी अदाकारी के साथ-साथ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर मां दुलारी के साथ अपने बॉन्ड को शेयर करते रहते हैं. सोमवार को उन्होंने मां के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया.
अनुपम ने इंस्टाग्राम पर मां के साथ तस्वीर पोस्ट कीं, जिसमें उनकी मां अभिनेता के ऑफिस की मुख्य कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं. इस पोस्ट के जरिए अभिनेता ने बताया कि मां को किसी बड़े तोहफे की जरूरत नहीं होती, बस एक छोटी सी मुस्कान और प्यार से पूछा गया एक सवाल- ‘कैसी हो मां?’
अभिनेता ने इस पल का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले हफ्ते जब उनकी मां ऑफिस आईं थीं, तो वह खुद ही मुस्कराकर बोलीं, “ये तो मेरी कुर्सी है.”
अनुपम ने इस बात को स्वीकार करते हुए लिखा, “मां की यह बात बिल्कुल सच है. क्योंकि मैं आज जो कुछ भी हूं, वह मां की दुआओं और मेरे संघर्ष का नतीजा ही है. मां ने अपने सपनों को पीछे छोड़कर मेरे सपनों को पंख दिए. उन्होंने खुद धूप-छांव सही ताकि मेरा रास्ता आसान हो सके. माताएं अपनी जिंदगी, इच्छाएं और आराम बिना किसी शिकायत के परिवार पर न्योछावर कर देती हैं, बिना किसी शोर-शराबे और शिकायत के.”
अभिनेता ने कहा कि मां की तारीफ करते हुए बताया की उनकी मजबूती अक्सर उनकी मुस्कान के पीछे छिपी रहती है. उन्होंने लिखा, “कभी-कभी लगता है…हम जिंदगी भर उनके एहसानों का हिसाब नहीं चुका सकते और शायद उन्हें कोई हिसाब चाहिए भी नहीं. बस एक छोटी सी मुस्कान, एक ‘कैसी हो मां?’और थोड़ा सा साथ. मां… आपकी कुर्सी हमेशा आपकी ही रहेगी. मैं तो बस उसे संभाल कर बैठा हूं. मां आपको शत शत नमन और प्रणाम.”
अभिनेता जल्द ही फिल्म ‘फ्लिकर’ में नजर आएंगे. इस फिल्म में वे एक रहस्यमयी किरदार में नजर आएंगे. फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है. हालांकि, फिल्म के बारे में अन्य जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
–
एनएस/एएस