पवन खेड़ा को जमानत पर अनुराग ढांडा का भाजपा पर हमला, बोले- चुनाव के दौरान एजेंसियों का दुरुपयोग

नई दिल्ली, 1 मई . कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को Supreme Court से जमानत मिलने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है. यह मामला हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है. इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) नेता अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव के दौरान केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करती है.

उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा और चुनावी रणनीति से जुड़ी संस्था आई-पैक के मामलों से यह साफ होता है कि चुनाव के समय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को दबाने के लिए किया जाता है.

अनुराग ढांडा ने समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आई-पैक से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया और कैंपेन को प्रभावित करने की कोशिश की. उन्होंने यह भी कहा कि असम पुलिस ने आचार संहिता के दौरान पवन खेड़ा के मामले में छापेमारी की, जिससे विपक्ष पर दबाव बनाया गया.

उनके मुताबिक, चुनाव समाप्त होते ही अदालतों से राहत मिल जाना इस बात का संकेत है कि कार्रवाई का समय राजनीतिक रूप से प्रेरित था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग के सहयोग से एजेंसियों को एक “टूल” की तरह इस्तेमाल किया है.

वहीं, कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम विवाद और ममता बनर्जी के वहां जाने को सही ठहराते हुए ढांडा ने कहा कि यह चुनाव टीएमसी और चुनाव आयोग के बीच जैसा बन गया था. उनका कहना था कि अगर ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही होती है, तो पार्टी को अपने जनादेश की रक्षा के लिए खुद आगे आना पड़ेगा और इस संदर्भ में ममता बनर्जी की चिंता जायज है.

इधर, गुवाहाटी में एआईयूडीएफ के महासचिव रफीकुल इस्लाम ने भी पवन खेड़ा को मिली जमानत पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जमानत मिलना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लगातार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और विपक्षी दलों के साथ राजनीतिक खेल खेलना उसके लिए आसान हो गया है.

एएसएच/एबीएम