चार साल बाद पटरी पर लौटी जोगिंदर नगर-पठानकोट रेल सेवा, अनुराग ठाकुर ने किया स्वागत

कांगड़ा, 2 जून . जोगिंदर नगर-पठानकोट रेल सेवा की शुरुआत 2 जून से फिर से हो गई है. साल 2022 में आई बाढ़ के बाद से ही यह ट्रेन रूट बंद था. लगभग चार साल बाद इस रूट पर ट्रेन चलाई जा रही है. इसका पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने स्वागत किया है.

पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कांगड़ा रेलवे स्टेशन पर कांगड़ा घाटी रेल सेवा बहाली के मौके पर कहा कि केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में हिमाचल में रेल परियोजनाओं के लिए रेल विस्तार, आधुनिकीकरण और विद्युतीकरण हेतु 2,911 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जो केंद्र की पूर्व यूपीए सरकार की तुलना में 27 गुना अधिक है. उस समय अधिकतम 104 करोड़ रुपए मिलते थे.

उन्होंने कहा कि हिमाचल में रेल नेटवर्क के लिए जितना काम कांग्रेस 70 वर्षों में नहीं कर पाई, उससे कहीं अधिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में किया है. केंद्र में हमने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के साथ पठानकोट से जोगिंदर नगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज करने का मामला उठाया, जिसके लिए सर्वे पूरा हो चुका है. अब इसके लिए बजट स्वीकृत होने का इंतजार है.

उन्होंने आगे कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन के लिए करीब 6,798 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं. अगले साल के अंत तक बिलासपुर में रेल लाइन पहुंच जाएगी. जबकि प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र सरकार की 2,000 करोड़ रुपए की देनदारी आज भी बाकी है.

पठानकोट से जोगिंदर नगर रेल लाइन पर रेल सेवा के पुनः बहाल होने पर उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से बरसात में रेल ट्रैक खराब होने और पुल टूटने के कारण यह सेवा बंद थी. इसके लिए सभी ने प्रयास किए और अब यह सेवा बहाल हो रही है.

उन्होंने कहा कि रेलवे विभाग के प्रयासों से आज रेल सेवा पुनः शुरू हो रही है. इसके लिए रेलवे स्टाफ भी बधाई का पात्र है.

एएमटी/एबीएम