
जयपुर, 24 अप्रैल . मशहूर तीरंदाज रजत चौहान को राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनके शानदार प्रदर्शन के लिए डीजीपी कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया है.
राजस्थान पुलिस में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) के पद पर कार्यरत रजत, पुलिस बल के सबसे काबिल खिलाड़ियों में से एक के रूप में उभरे हैं. उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और पुलिस विभाग दोनों का प्रतिनिधित्व किया है.
रजत चौहान ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मुझे मेरे विभाग ने सम्मानित किया है. मैं खेलों में अपने प्रदर्शन से अपने विभाग को गौरवान्वित करता रहूंगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान पुलिस को और पहचान दिलाऊंगा.”
चौहान की श्रेष्ठ उपलब्धियों में 19वें एशियन गेम्स 2023 में हिस्सा लेना शामिल है. उन्होंने विश्व कप 2022 में दो स्वर्ण पदक जीते थे. वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2023 में भी रजत ने दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीता था.
इसके अलावा, उन्होंने वर्ल्ड कप 2023 में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन किया था. हाल ही में, एशिया आर्चरी कप 2026 में, रजत ने एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते थे. भारत ने रजत के इस प्रदर्शन की बदौलत दो स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य सहित रिकॉर्ड 10 पदक जीते थे.
इस मशहूर आर्चर ने पहले 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक्स में कंपाउंड आर्चरी को शामिल किए जाने पर खुशी जताई थी. ओलंपिक मेडल का सपना देखने वाले रजत ने 2016 में अपने दाहिने हाथ पर मशहूर पांच ओलंपिक रिंग का टैटू भी बनवाया था.
से बात करते हुए रजत ने कहा था, “यह पूरे भारत के लिए गर्व का पल है क्योंकि कंपाउंड आर्चरी टीम को आखिरकार खुद को साबित करने का मौका मिला है. मैंने 2016 में एक ओलंपिक टैटू बनवाया था, और अब मैं पूरी रात सोया नहीं हूं—मैं बहुत उत्साहित हूं.”
–
पीएके