फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना टीम का ऐलान

ब्यूनस आयर्स, 29 मई . अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए 26 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. लियोनेल मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से उतरेगी.

फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील ने 1962 में आखिरी बार अपने खिताब का बचाव किया था. इसके बाद से कोई भी टीम लगातार दो बार विश्व कप की ट्रॉफी को अपने नाम नहीं कर सकी है. मेसी के नेतृत्व में अर्जेंटीना टीम का अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है. मेसी का साथ इंटर मिलान के स्ट्राइकर लुटारो मार्टिनेज और एटलेटिको मैड्रिड के जूलियन अल्वारेज देते हुए नजर आएंगे.

कोच स्कालोनी ने इस बार कुछ नए खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है, जो कतर वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा नहीं थे. इनमें वैलेंटिन बार्को शामिल हैं, जिन्होंने यूरोप में बेहतरीन सीजन खेला. इसके अलावा जोस मैनुअल लोपेज को भी मौका मिला है. वह ब्राजील के क्लबपाल्मेरास के सेंटर-फॉरवर्ड हैं और जरूरत पड़ने पर अल्वारेज और मार्टिनेज के बैकअप के रूप में खेल सकते हैं. निको पाज को भी टीम में जगह दी गई है. उन्होंने कोमो 1907 के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए कोचिंग स्टाफ उन्हें काफी पसंद करता है.

लियोनेल मेसी अपना छठा वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे. इंटर मियामी के लिए अपने आखिरी मैच में मेसी दिक्कत में नजर आए थे और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था. हालांकि, क्लब ने बताया था कि उनकी इंजरी गंभीर नहीं है और उनके बाएं हैमस्ट्रिंग की मांसपेशियों में सिर्फ थकान है.

स्कालोनी ने कहा, “हम ट्रेनिंग कॉम्प्लेक्स में मेसी का गेम देख रहे थे, जब हमें एहसास हुआ कि उन्होंने सब्स्टीट्यूट होने के लिए कहा था. वह ठीक महसूस नहीं कर रहे थे. शुरुआती रिपोर्ट बहुत बुरी नहीं हैं. जाहिर है कि हम चाहते थे कि उन्हें कुछ भी न हुआ होता. अब हमें बस इंतजार करना होगा और देखना होगा कि चीजें कैसे आगे बढ़ती हैं. मुझे लगता है कि यह कन्फर्म करने के लिए कि क्या स्थिति सच में वैसी ही है जैसी वे कह रहे हैं, उनके और टेस्ट होंगे.”

एमिलियानो मार्टिनेज के टीम में खेलने की पुष्टि हो गई है. पिछले हफ्ते यूईएफए यूरोपा लीग फाइनल के दौरान एस्टन विला के लिए खेलते समय उनकी एक उंगली में फ्रैक्चर हो गया था. इसके अलावा, डिफेंडर क्रिस्टियन रोमेरो को भी टीम में शामिल किया गया है. वह घुटने की चोट से उबर रहे हैं.

चार साल पहले अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने वाले 9 खिलाड़ियों को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है. फ्रेंको अरमानी, जुआन फोयथ, जर्मन पेजेला, मार्कोस एक्यूना, एंजेल डि मारिया, एलेजांद्रो गोमेज, गुइडो रोड्रिगेज, पाउलो डायबाला, एंजेल कोरेया और फ्रेंको मास्टैंटुओनो को इस बार टीम में शामिल नहीं किया गया है. अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ करेगी. इसके बाद ग्रुप जे में टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से होगा.

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना का स्क्वॉड

गोलकीपर: एमिलियानो मार्टिनेज (एस्टन विला), गेरोनिमो रूली (ओलंपिक डे मार्सिले), जुआन मुसो (एटलेटिको मैड्रिड)

डिफेंडर: लियोनार्डो बालेरडी (ओलंपिक डे मार्सिले), निकोलस टैग्लियाफिको (ओलंपिक लियोनिस), गोंजालो मोंटिएल (रिवर प्लेट), लिसेंड्रो मार्टिनेज (मैनचेस्टर यूनाइटेड), क्रिस्टियन रोमेरो (टोटेनहम हॉटस्पर), निकोलस ओटामेंडी (बेनफिका), फैकुंडो मदीना (ओलंपिक डे मार्सिले), नाहुएल मोलिना (एटलेटिको मैड्रिड)

मिडफील्डर: लिएंड्रो पारेडेस (बोका जूनियर्स), रोड्रिगो डी पॉल (इंटर मियामी), वैलेन्टिन बार्को (रेसिंग स्ट्रासबर्ग), जियोवानी लो सेल्सो (रियल बेटिस), एक्सेक्विएल पालासियोस (बायर लेवरकुसेन), एलेक्सिस मैक एलिस्टर (लिवरपूल), एंजो फर्नांडीज (चेल्सी)

फॉरवर्ड: जूलियन अल्वारेज (एटलेटिको मैड्रिड), लियोनेल मेस्सी (इंटर मियामी), निको गोंजालेज (एटलेटिको मैड्रिड), थियागो अल्माडा (एटलेटिको मैड्रिड), गिउलिआनो शिमोन (एटलेटिको मैड्रिड), निको पाज (कोमो), जोस मैनुअल लोपेज (पाल्मेरास), लुटारो मार्टिनेज (इंटर मिलान).

एसएम/एएस