
मुंबई, 3 अगस्त . रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ इन दिनों अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है. जैसे-जैसे शो का फिनाले करीब आ रहा है, वैसे-वैसे कंटेस्टेंट्स के बीच हुई पुरानी बहस और विवाद एक बार फिर चर्चा में आने लगे हैं. शो से बाहर होने के बाद आकांक्षा चौधरी ने श्रेया कालरा को लेकर कई बातें कही. उन्होंने आरोप लगाया कि श्रेया ने कई बार बिना किसी सबूत के बातें कहीं और अपनी बात को सही साबित करने के लिए झूठी कहानियां बनाईं.
शो से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान आकांक्षा ने कहा, ”कई ऐसी बातें हैं, जो कैमरे पर सामने नहीं आ पाईं. अब दर्शकों ने भी उन चीजों को नोटिस करना शुरू कर दिया है. शुरुआत से ही श्रेया कुछ मामलों में गलत बातें कहती रही हैं और अब लोगों को सच्चाई समझ आने लगी है.”
उन्होंने आगे कहा, ”श्रेया ने जो आरोप लगाए, उनके लिए आज तक कोई सबूत नहीं दिया गया. उन्होंने कई बातें सिर्फ झूठे नैरेटिव के आधार पर बनाई हैं. कई बार किसी एक बात को अलग तरीके से पेश करके पूरी कहानी बदल दी जाती है.”
आकांक्षा ने उदाहरण देते हुए कहा, ”श्रेया ने शिल्पा शिंदे से जुड़ी एक ऐसी बात कही, जो कभी हुई ही नहीं थी. मैंने शिल्पा से कभी यह नहीं कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता को लेकर झूठ बोला है या उनके परिवार के बारे में कोई गलत बात कही है. ऐसी कोई बातचीत कभी हुई ही नहीं थी. मुझे लगता है कि यह सिर्फ एक नैरेटिव बनाने की कोशिश थी.”
इसके अलावा आकांक्षा ने माधुरी के साथ हुई बातचीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ”मैंने माधुरी से भी कहा था कि श्रेया कई चीजों को नैरेटिव बनाने के लिए पेश करती हैं. मुझे पता है कि इसके बाद मुझे महीनों तक सफाई देनी पड़ेगी. मुझे यह भी पता है कि मीडिया में किस तरह के सवाल पूछे जाएंगे और सोशल मीडिया पर किस तरह के कमेंट आएंगे. सिर्फ एक नैरेटिव किसी की जिंदगी बदल सकता है.”
उन्होंने आगे कहा कि माधुरी ने भी श्रेया को यह समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह इस बात को समझ नहीं पाईं और उन्होंने अपनी बातों को उसी तरह आगे बढ़ाया.
बता दें कि ‘लॉक अप 2’ का फिनाले अब ज्यादा दूर नहीं है. शो में इस समय कई बड़े नाम मुकाबले में बने हुए हैं. इनमें आकांक्षा चमोला, शिल्पा शिंदे, राम कपूर, योगेश रावत, श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, हर्षद चोपड़ा और वरुण यादव उर्फ लैला शामिल हैं. सभी प्रतियोगी फिनाले में जगह बनाने के लिए अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं.
–
पीके/एएस