एशियन गेम्स 2026: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 8-2 से रौंदा, अभिषेक-दिलप्रीत ने दागे दो-दो गोल

नागोया, 24 सितंबर . भारतीय पुरुष हॉकी टीम का एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी है. भारत ने गुरुवार को एकतरफा मुकाबले में साउथ कोरिया को 8-2 से शिकस्त दी.

यह भारत की टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत है. टीम ने टूर्नामेंट का आगाज इंडोनेशिया के खिलाफ 13-1 की धमाकेदार जीत के साथ किया था. इसके बाद दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए श्रीलंका को 16-1 से रौंदा था. साउथ कोरिया के खिलाफ भारतीय टीम ने मैच का अपना पहला गोल चौथे मिनट में दागा. शिलाानंद लकरा ने भारत के लिए पहला गोल किया.

इसके बाद मैच के 10वें मिनट में सुखजीत सिंह ने जल्द ही भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया. शुरुआत 10 मिनट में दो गोल होने के बाद साउथ कोरिया का डिफेंस पूरी तरह से दबाव में दिखा, जिसका फायदा भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने मैच के 11वें मिनट में हाथ आए पेनल्टी कॉर्नर पर उठाया. उन्होंने भारत के लिए तीसरा गोल किया. पहले क्वार्टर का अंत होते-होते अभिषेक ने चौथा गोल करते हुए भारत को मैच में 4-0 से आगे कर दिया.

दूसरे क्वार्टर में साउथ कोरिया का डिफेंस मजबूत नजर आया और उन्होंने शुरुआत में भारतीय टीम को कोई मौका नहीं दिया. हालांकि, मैच के 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह विपक्षी टीम के डिफेंस को भेदने में सफल रहे और उन्होंने भारत की लीड को 5-0 कर दिया. छह मिनट बाद ही दिलप्रीत ने मुकाबले में अपना दूसरा और भारत के लिए 32वें मिनट में छठा गोल किया. भारत के अटैकिंग खेल के आगे बेबस दिख रहे साउथ कोरिया के डिफेंस को 38वें मिनट में अभिषेक ने एक बार फिर भेदा और टीम इंडिया के लिए सातवां गोल दागा.

हालांकि, इसके बाद साउथ कोरिया ने मैच में वापसी करने की कोशिश की. टीम की तरफ से मैच के 42वें मिनट में पहला गोल किम जेहो ने किया. इसके 10 मिनट बाद साउथ कोरिया की ओर से दूसरा गोल किम योंग बोक ने दागा. आखिरी क्वार्टर में भारत के लिए मैच का आठवां गोल राजिंदर सिंह ने किया और भारत की एक और दमदार जीत पर मुहर लगा दी. भारतीय टीम की अब अगली भिड़ंत 26 सितंबर (शनिवार) को जापान से होगी.

–

एसएम/पीएम