
सानो, 22 सितंबर . एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम और जापान की टीम के बीच मैच का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है. बारिश की वजह से मैदान गीला होने के कारण टॉस अपने निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे देरी से हुआ. भारत और जापान के बीच हो रहे इस पहले मैच में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है. मैच 20-20 ओवर की जगह 5-5 ओवर का निर्धारित किया गया है.
सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड में हो रहे मुकाबले में टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान अय्यर ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं. यह एक बड़ा मौका है. 75 साल की दोस्ती के अवसर पर हो रहा ये मैच रोमांचक मैच होने वाला है. हम हालात को भी देखना चाहते थे. मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं एक दिन जापान आकर कप्तानी करूंगा. मुझे पता है कि यहां बेसबॉल काफी बड़ा है, लेकिन मैं यहीं खड़ा हूं. भीड़ अच्छी है, बहुत सारे समर्थक हैं. यह जरूरी है कि हम उन्हें कुछ वापस दें और घर से हमें देखने वाली भीड़ को भी. एक रोमांचक मैच का इंतजार है.”
उन्होंने कहा, “यह जरूरी है कि हम हालात को जानें और हमें पता हो कि हमारे आस-पास क्या हो रहा है. हम जानते हैं कि असल में एशियन गेम्स में भी यही हालात होंगे. हमें नहीं पता कि वहां पिच कैसी हैं, लेकिन मैच खास है और हमारे लिए अच्छे अभ्यास वाला होगा. बस उस पल का इंतजार है.”
जापान के कप्तान केंडेल कडोवाकी-फ्लेमिंग ने कहा, “हम गेंदबाजी करते, ताकि भीड़ को दुनिया के कुछ श्रेष्ठ खिलाड़ियों को यहां खेलते हुए देखने का मौका मिल सके. हम बहुत उत्साहित हैं. अब यह समझ आने लगा है. हम खेलने के लिए तैयार हैं. यह खिलाड़ियों और बड़े क्रिकेट समुदाय के लिए एक शानदार मौका है. उम्मीद है कि हम कुछ अच्छा कर पाएंगे. भारत के काफी समर्थक आए हैं, लेकिन जितने ज्यादा लोग जापान में क्रिकेट देखेंगे, उतना ही अच्छा होगा. हम यहां आने वाले हर किसी के और इस गेम को मुमकिन बनाने वाले हर किसी के बहुत शुक्रगुजार हैं. यह कमाल है. मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन यहां सानो में आए हैं. अगर आपने कुछ साल पहले हमसे यह कहा होता तो हमें यकीन नहीं होता.”
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली है.
भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह.
जापान की प्लेइंग इलेवन: लैकलन यामामोटो-लेक, रेओ सकुरानो-थॉमस, केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), बेंजामिन इटो-डेविस, वातारू मियाउची, अलेक्जेंडर शिराई-पैटमोर (विकेटकीपर), चार्ली हारा-हिंजे, इब्राहिम ताकाहाशी, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, माकोतो तानियामा, शोमा सुगाया-स्लेटर.
–
पीएके