
देवरिया, 26 सितंबर . उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में एक युवती का अपहरण करने की कोशिश की गई है. लड़की के चिल्लाने और स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने के कारण आरोपी उसे अपनी कार समेत छोड़कर मौके से फरार हो गए. फिलहाल, युवती से पूछताछ के साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है.
यह मामला देवरिया की सदर कोतवाली क्षेत्र का है. देवरिया पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी कि एक युवती शुक्रवार को अपने दोस्त अभिषेक यादव के साथ सलेमपुर से अपने घर देवरिया आ रही थी. अभिषेक यादव उसको सोनूघाट छोड़कर सलेमपुर वापस चला गया.
पुलिस के अनुसार, युवती अपने घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी. तभी विकास यादव, जो युवती का पूर्व परिचित है घर छोड़ने के लिए गाड़ी में बिठाकर ले जाने लगा, लेकिन घर छोड़ने की बजाय कहीं और ले जाने की आशंका पर युवती ने विरोध किया और चिल्लाना शुरू कर दिया. पुलिस ने बताया कि युवती के विरोध के बाद आरोपी विकास यादव और उसके साथी उसे गाड़ी में छोड़कर फरार हो गए.
घटना एएसपी आवास से महज कुछ दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं.
हालांकि, घटना की सूचना के मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर गाड़ी को कब्जे में लिया और युवती को थाने लाया गया. इसके बाद उसके परिजनों को सूचित किया गया. थाना कोतवाली में युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की गई.
देवरिया पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना कोटवाली, एसओजी व सर्विलांस की टीमें लगाई गई हैं. आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है.
–
डीसीएच/